फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Announcement of tablet, competitive examination allowance to one crore youth, 28 percent dearness allowance to 28 lakh employees-pension holders

यूपी : एक करोड़ युवाओं को टैबलेट, प्रतियोगी परीक्षा भत्ता का एलान, 28 लाख कर्मचारियों-पेंशनधारकों को 28 फीसदी महंगाई भत्ता

Thu, 19 Aug 2021 09:50 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: पंकज श्रीवास्‍तव Updated Thu, 19 Aug 2021 09:50 PM IST
सार

गुरुवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़े एलान किए। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पेश अनुपूरक बजट को युवाओं, कोरोना योद्धाओं और फील्ड कर्मचारियों को समर्पित किया।

विज्ञापन
UP: Announcement of tablet, competitive examination allowance to one crore youth, 28 percent dearness allowance to 28 lakh employees-pension holders
यूपी विधानसभा - फोटो : amar ujala

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के हित में बड़ी पहल करते हुए "प्रतियोगी परीक्षा भत्ता" की अभिनव घोषणा की है। सीएम ने एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन देने का एलान भी किया है। इसके अलावा, 28 लाख कर्मचारियों व पेंशनधारकों को एक जुलाई 2021 से 11 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 28 फीसदी मंहगाई भत्ते की सौगात भी मिली है। राज्य सरकार युवाओं के लिए ₹3,000 करोड़ का एक विशेष कोष तैयार करने जा रही है। इस कोष में काॅरपोरेट समूहों, विभिन्न वित्तीय संस्थाओं, विश्वविद्यालयों के योगदान भी होगा।

विज्ञापन


गुरुवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़े एलान किए। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पेश अनुपूरक बजट को युवाओं, कोरोना योद्धाओं और फील्ड कर्मचारियों को समर्पित क़िया। कोरोना काल में फील्ड कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए सीएम ने एक ओर जहां रोजगार सेवकों, पीआरडी जवान, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी व सहायिकाओं, रोजगार सेवकों आदि अल्प मानदेय वाले कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की, वहीं प्रदेश सरकार के 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनधारकों की बहुप्रतीक्षित मुराद पूरी करते हुए 11 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ उनके महंगाई भत्ते को बहाल करने का भी एलान किया। सीएम की इस घोषणा का पूरे सदन ने भरपूर गर्मजोशी से स्वागत किया। घोषणा के अनुसार 01 जुलाई 2021 से कर्मचारियों और पेंशनधारकों को 17 फीसदी के स्थान पर अब 28 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा।
विज्ञापन


"नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है"
एक घंटे से कुछ अधिक समय तक सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कविता की पंक्तियां भी पढ़ीं।
"नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है, समूचा जग युवा पीढ़ी तुम्हारे हाथ में है। प्रबल फौलाद सच मानो तुम्हारे गात में है, नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है। सफलता तो तुम्हारी बात में है जज्बात में है,नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है।"
विज्ञापन
विज्ञापन


युवाओं को डिजिटल तकनीक में सक्षम बनाने का इरादा जताते हुए उन्होंने कहा कि स्नातक, परास्नातक, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा आदि पाठ्यक्रमों के एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन देने के साथ ही मुफ्त में डिजिटल एक्सेस भी मुहैया कराया जाएगा। "प्रतियोगी परीक्षा भत्ता" की घोषणा करते हुए योगी ने कहा कि सरकार, प्रतियोगी परीक्षा के लिए जाने वाले हर युवा को तीन बार भत्ता देगी। यह फैसला विधायकों की भावनाओं, युवाओं की जरूरतों और अभिभावकों को बड़ी राहत देने वाला होगा। अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सीएम योगी ने वकीलों को सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाले ₹1.5 लाख की राशि को बढ़ाकर ₹5 लाख करने की जानकारी भी दी, तो सदन को बताया कि सरकार निराश्रित हुई महिलाओं के लिए भी योजना लाने जा रही है। पूर्ववर्ती सरकारों के द्वारा संस्कृत की उपेक्षा की बात कहते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से संस्कृत विद्यालयों के छात्रों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी तो इन विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर जल्द ही मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति करने जा रही है।

चार साल पांच महीने की उपलब्धियों का दिया ब्यौरा

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि यूपी सरकार का बजट पिछले पांच साल में दोगुना हो गया है। 2015-16 में 03 लाख करोड़ का 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में ढाई लाख का बजट "ऊंट के मुंह में जीरा" साबित होता था। यही कारण था कि प्रदेश अर्थव्यवस्था में पिछड़ा हुआ था लेकिन अब यूपी निवेश के लिए सबसे अच्छे प्रदेशों में शामिल है।

उन्होंने बताया, 19 अगस्त को सरकार का 04 वर्ष 05 माह का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस अवधि में प्रदेश का बजट दोगुना हुआ है। आज हम लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का बजट बनाने में सफल हुए हैं। 5 साल पहले सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 10-11 लाख करोड़ थी, आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने में सफल हुए हैं।  2015-16 में उत्तर प्रदेश देश अर्थव्यवस्था में छठे नंबर पर था और आज दूसरे नंबर पर है। 05 वर्ष पहले तक साढ़े 17 फीसदी रही बेरोजगारी दर आज 5 फीसदी तक आ गई है। योगी ने बताया, हमने प्रति व्यक्ति आय को दोगुना हो गया है। 4 साल में 1 लाख 52 हजार कन्याओं की शादी कराई गई।

पीएम आवास योजना आने के बाद 2017 तक केवल 10 हजार आवास स्वीकृत हुए थे और 2017 के बाद से अब तक 40 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं। साढ़े चार साल में 4.5 लाख सरकारी नौकरियां भी दी गईं हैं। उन्होंने बताया कि, प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल में 2 करोड़ 94 लाख लोगों को विद्युत कनेक्शन दिया गया और 3 करोड़ 94 लाख लोगों को रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। यह सब बिना किसी की जाति व धर्म देखकर किया गया है। हम विकास में किसी से भेदभाव नहीं करते। अनुपूरक बजट में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को आगे बढ़ाते हुए वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ कारिडोर प्रोजेक्ट और 'नव्य अयोध्या' के लिए भी खजाना खोला गया है। सरकार ने कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया। यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है।

अमेरिका हो या इंग्लैंड, महाराष्ट्र हो केरल, सबसे बेहतर है यूपी के हालात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल में आमजन की सुरक्षा के लिए काम करने वाले सभी कोरोना योद्धाओं और फ्रंट लाइन वर्करों की भूमिका की सराहना की है। सीएम ने कहा है कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश ने महामारी के बीच जिस तरह एक-एक नागरिक के जीवन और जीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की, उसने एक मिसाल पेश की है। वैश्विक परिदृश्य में अमेरिका और इंग्लैंड जैसे साधन-संपन्न राष्ट्र हों अथवा भारत में सर्वाधिक साधन संपन्न माना जाने वाला राज्य महाराष्ट्र हो या कि सर्वाधिक शिक्षित प्रदेश का तमगा रखने वाला केरल, उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति  इन सबसे कहीं बेहतर है। निगरानी समिति और ऑक्सीजन ऑडिट जैसे हमारे मॉडल सर्वत्र सराहे गए हैं। सीएम ने कहा कि महामारी के बीच अपनी नीति, नीयत और नियोजन से वैश्विक पटल पर "दमदार यूपी" उभर कर आया है।

गुरुवार को विधानसभा में सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कोरोना काल की चुनौतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी। कहा कि, बीते 70 साल में हुए यूपी के विकास के दावे की पोल इस महामारी काल में खुल गई। कोरोना आया तो हमारे पास टेस्टिंग के लिए एक लैब तक न थी। पुणे की वायरोलॉजी लैब में टेस्टिंग करानी पड़ी। लेकिन यह सरकार की प्रतिबद्ध कार्यशैली का नतीजा है कि आज हमारी क्षमता 04 लाख टेस्ट हर दिन करने की हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए योगी ने कहा कि कोरोना काल में यूपी के हर एक व्यक्ति के जीवन और जीविका की सुरक्षा की गई। 119 चीनी मिलों का संचालन होता रहा, उद्योग-धंधे चलते रहे। उन्होंने कहा कि कोविड का पहला दौर हो या दूसरा, 15 करोड़ से अधिक लोगों के लिए राशन की व्यवस्था हुई। यही नहीं, कोरोना के कारण निराश्रित हुए बच्चे हों या महिलाएं, सभी के सुखमय जीवन के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए योगी ने कहा आज दुनिया के तमाम संस्थान यूपी मॉडल की सराहना कर रहे हैं, विपक्ष को इस पर गर्व करना चाहिए।

आंकड़े रख बताया, कैसे बेहतर है यूपी

विधानसभा में कोविड के हालात पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राष्ट्रों और राज्यों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए।

● विश्व- पौने 08 अरब आबादी- 21 करोड़ केस-44 लाख से ज्यादा मौत। 89% रिकवरी रेट

● अमेरिका- 33 करोड़ आबादी- 3 करोड़ 80 लाख केस। 06 लाख 41 हजार मौत- रिकवरी 79.73%

● इंग्लैंड- 06.6 करोड़ आबादी-63 लाख केस- 131000 मौत-77.1 फीसदी रिकवरी रेट

● ब्राजील- 24 करोड़ आबादी-02 करोड़ संक्रमित-05 लाख 70 हजार मौत-92.5% रिकवरी रेट

● महाराष्ट्र-12 करोड़ आबादी- 64 लाख लोग संक्रमित 1,39,000 मौत। 96.% रिकवरी रेट

● केरल- 3.46 करोड़ आबादी- 37 लाख संक्रमण- 18,743 मौत। 96.5% रिकवरी रेट

● भारत- 130 करोड़ आबादी- कुल संक्रमण 3.23 करोड़- 4.33 लाख मृत्यु-97.5% रिकवरी रेट

● उत्तर प्रदेश- 24 करोड़- 17.80 लाख संक्रमित- 22783 मृत्यु- 98.6% रिकवरी रेट

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed