यूपी: प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का अलर्ट, ये 60 जिले रहेंगे सबसे ज्यादा प्रभावित, विभाग ने जारी की चेतावनी
Winter in UP: यूपी में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आने वाले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। दो दिन के बाद मौसम के बदलने की संभावना है।
विस्तार
विदा होने से पहले दिसंबर पूरे उत्तर प्रदेश में पूस की हाड़ कंपाने वाली ठंडक का एहसास करा गया। पिछले तीन दिनों से प्रदेश में चल रही सर्द पछुआ हवाओं असर से उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड हो रही है। हवा में गलन और ठिठुरन बरकरार है। बुधवार को मौसम विभाग की ओर से शीत दिवस (कोल्ड डे) की चेतावनी जारी की गई है। वहीं तराई समेत प्रदेश के 25 से ज्यादा इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक नए विकसित हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से बृहस्पतिवार से मौसम फिर से करवट लेगा। तेज हवाओं के असर से प्रदेश में कोहरा छंटेगा, इससे धूप धरती की सतह तक पहुंचेगी और दिन के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
मंगलवार को मुरादाबाद में घने कोहरे की वजह से दृश्यता 100 मी तक सिमट गई। फिलहाल मंगलवार और बुधवार को सर्द हवाओं की वजह से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में शीत दिवस यानी कोल्ड डे की चेतावनी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पहाड़ों से आ रही उत्तरी पछुआ हवाओं के चलने से प्रदेश में बृहस्पतिवार तक इसी तरह कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी। न्यूनतम तापमान में आज और कल हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। यानी शीत दिवस और कंपाने वाली सर्दी का दौर अभी दो दिन यूं ही जारी रहने वाला है।मंगलवार को बलिया में सर्वाधिक 22 डिग्री तापमान रहा। वहीं बुलंदशहर 7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।