यूपी: अखिलेश यादव बोले- भाजपा ने मेरे सेठ को ले लिया तो हम भी धन्नासेठ को ले आए; कई विधायकों ने साथ दिया
अखिलेश यादव ने राज्यसभा टिकट को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने उनका सेठ लिया तो वे धन्नासेठ ले आए। उन्होंने भाजपा पर परिवारवाद का आरोप लगाया और अयोध्या जाने के निमंत्रण का जिक्र किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से चुनाव आयोग की गतिविधियों पर नजर रखने और प्रमाण जुटाने को कहा।
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उनके सेठ को ले लिया, तो हम भी धन्नासेठ को ले आए। यह जवाब अखिलेश यादव ने उस सवाल पर दिया, जिसमें उनसे पूछा गया था कि आपने राज्यसभा का टिकट कॉर्पोरेट घराने के धनराज नाथवानी को क्यों दिया। अखिलेश यादव का इशारा राज्यसभा सांसद संजय सेठ की ओर था, जो पहले सपा में थे, बाद में भाजपा से राज्यसभा सांसद बने। इस चुनाव में सपा के कई विधायकों ने भाजपा का साथ दिया था।
विरोध करना था तो राममंदिर के लिए पहले क्यों दिया था आमंत्रण
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में भगवा परिवारवाद है। 56 विधायक, 13 सांसद, 10 विधान परिषद सदस्य, चार राज्यसभा सांसद व अन्य तीन नेता परिवारवाद से ही आए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महंत अवैद्यनाथ के रिश्तेदार हैं। पंकज चौधरी, संदीप सिंह, जितिन प्रसाद, नितिन अग्रवाल, नीरज शेखर, कमलेश पासवान, सूर्यप्रताप शाही ये सब परिवार से हैं।
एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर में जाने का विषय व्यक्तिगत आस्था का है। कोई भी सनातनी किसी के मंदिर जाने पर विरोध नहीं करेगा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से बना है।
उन्होंने कहा कि पहले हमें अयोध्या में आने का निमंत्रण दिया गया था, अब हम जा रहे हैं। अगर आने से रोकना था तो निमंत्रण क्यों दिया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा को जीरो करना है। लोकसभा चुनाव में प्रभु श्रीराम ने अयोध्या में भाजपा को आशीर्वाद नहीं दिया।
चुनाव आयोग की हर गतिविधि पर रखें नजर
सपा अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के नेता गांव-मोहल्लों में जाकर सम्मानित मतदाताओं से संपर्क करें और समाजवादी पार्टी को चुनाव जिताने की अपील करें। वे प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित कर रहे थे। हर एक पीडीए-प्रहरी से व्यक्तिगत रूप से कह रहे हैं कि वो निर्वाचन आयोग की हर गतिविधि पर ध्यान रखें और सबूत भी जुटाता रहें।
