यूपी: अखिलेश यादव का फेसबुक पेज पुनः निलंबित, 90 लाख फॉलोअर्स का था अकाउंट, बंद होने का कारण स्पष्ट नहीं
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सोमवार शाम एक बार फिर निलंबित हो गया। इस अकाउंट से करीब 90 लाख लोग जुड़े हैं। पेज बंद होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मेटा ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पार्टी ने कंपनी से संपर्क कर अकाउंट बहाली की उम्मीद जताई है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव का फेसबुक पेज बंद हो गया है। उन्होंने 20 नवंबर को ही मेटा को चेतावनी दी थी कि हमारे देश में दूसरे देश की कंपनियां अपना व्यवसाय करें, राजनीति नहीं। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने आधिकारिक रूप से कहा है कि तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। मेटा इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है।
अखिलेश यादव ने 20 नवंबर को एक्स के माध्यम से मेटा को संदेश दिया था कि सबको बराबर मानकर चलना ही एक अच्छी समावेशी कंपनी की पहचान होती है। सरकार भी विदेशी कंपनियों पर अवांछित दबाव डालकर उनके व्यवसाय का राजनीतिकरण न करे। अखिलेश के फेसबुक पेज पर 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। एकाउंट सस्पेंड होने पर हलचल मच गई थी।
इस बारे में सपा प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी उदयवीर का कहना है कि भाजपा सरकार विदेशी कंपनियों पर दबाव बनाकर विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ पक्षपात करवाती है। सपा अध्यक्ष का एकाउंट सस्पेंड किए जाने से यह बात साबित होती है।
पूर्व में भी निलंबित हुआ था अकाउंट
अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट इससे पहले 10 अक्टूबर 2025 को भी निलंबित किया गया था। हालांकि, अगले दिन सुबह ही मेटा ने इसे बहाल कर दिया था। अब एक बार फिर पेज के निलंबित होने से पार्टी के सामने इस बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच बनाए रखने की चुनौती उत्पन्न हो गई है।
