{"_id":"6aec518cc6eb7c1e220606ad","slug":"up-akhilesh-yadav-s-appeal-organizers-should-not-invite-narrators-for-whom-money-is-their-only-religion-2026-11-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: अखिलेश यादव की अपील, धन ही जिनके लिए धर्म ऐसे कथाकारों को न बुलाएं आयोजक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: अखिलेश यादव की अपील, धन ही जिनके लिए धर्म ऐसे कथाकारों को न बुलाएं आयोजक
Thu, 05 Nov 2026 03:21 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Thu, 05 Nov 2026 03:21 PM IST
सार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विवादित बयान देने वाले कथावाचकों को आयोजक अपने कार्यक्रमों में आमंत्रित न करें। इससे उन्हें राजनीतिक रूप से लाभ नहीं बल्कि नुकसान ही होगा।
विज्ञापन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आयोजक और प्रायोजक ऐसे कथाकारों को न बुलाएं जो कि अपने बयानों से समाज में वैमनस्यता पैदा करते हैं। इनके लिए धन ही इनका धर्म है। इन लोगों को बुलाने से आयोजकों को जनता के कोप का भाजन बनना पड़ जाएगा। ऐसे में राजनीतिक लाभ की जगह उन्हें नुकसान ही होगा।
विज्ञापन
उन्होंने बयान जारी कर कहा कि दुष्मुखी लोगों के संबंध में ‘शासन-प्रशासन’ के साथ ही उनके कार्यक्रम करवाने वाले सभी आयोजकों और प्रायोजकों से विनम्र आग्रह है कि वो ऐसे तथाकथित कथाकारों से दूर ही रहें। ये ही नहीं, ऐसे एक-दो और भी तथाकथित कथावाचक हैं जो बोलने और पहनने से कथावाचक तो दिखते हैं पर कथा और प्रवचन उनका व्यवसाय है। वो समय-समय पर अपनी भौतिक उपलब्धि का भोंडा प्रदर्शन करते-करवाते रहते हैं। ऐसे लोग सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए सदैव अनर्गल बातें करते हैं। धन ही इनका धर्म होता है।
विज्ञापन
इसीलिए आयोजकों और प्रायोजकों को ये सोचना चाहिए कि ये कुछ भी कहकर राजनीतिक प्रश्रय पाकर बच निकलेंगे लेकिन उन आयोजकों और प्रायोजकों को तो उसी शहर में जनता के बीच रहना है। इनके कुवचनों से जन्मे सामाजिक वैमनस्य का शिकार उन्हें ही होना पड़ेगा। जब जनता को ये नहीं मिलेंगे तो जनता इन जैसे नकारात्मक लोगों को आमंत्रित करनेवालों को ही अपने कोप-आक्रोश का शिकार बनाएगी क्योंकि आस्थावान तो यही मानेंगे कि ये दुर्वचनी भगवानों के बारे में जो अपशब्द या कुविचार प्रकट कर रहे हैं उनमें आयोजकों-प्रायोजकों की भी सहमति है। इससे स्थानीय स्तर पर हर आस्थावान-श्रद्धालु इन आयोजकों-प्रायोजकों का विरोधी हो जाएगा।
विज्ञापन
जो लोग इन जैसों को बुलाकर स्थानीय स्तर पर अपनी धाक जमाना चाहते हैं, वो सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक रूप से बहुत नुकसान भोगेंगे और जनता की निगाह में उनकी धर्म-विरोधी, भगवान विरोधी छवि बन जाएगी। सामान्य शब्दों में कहा जाए तो उनको ‘लेने के देने’ पड़ जाएंगे , उनकी सारी राजनीति धरी की धरी रह जाएगी।
अतः आयोजकों-प्रायोजकों से पुन: आग्रह है कि समाज-सनातन के बीच खाई पैदा करनेवाले ऐसे लोगों को खाद-पानी देकर उनकी विषबेल न बढ़ाएं, न ही ईशनिंदा में भागीदार बनें अन्यथा इनके मौखिक पापों की सजा उन्हें भी भुगतनी पड़ेगी।
हमारे देश में ऐसे अनेक सच्चे ‘विचारक-वाचक’ उपलब्ध हैं। जो वैदिक-औपनिषदिक बोध की गहराइयों के प्रशांत महासागर हैं तो महाकाव्यों के संदेशों की ऊंचाइयों के हिमालय भी हैं। आयोजक-प्रायोजक उन जैसे सहृदय, सुभाषी, सुधिजनों को आमंत्रित करें और मानवीय जीवन को बेहतर बनाने का पुण्य कमाएं।