यूपी: अखिलेश यादव ने की गोरखपुर हादसे की जांच की मांग, कहा- सीएम बिना सबूत के आरोप लगा रहे हैं
UP assembly elections: गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इस घटना से पार्टी बहुत आहत है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान होगा, उसी दिन भाजपा की हार की इबारत लिख जाएगी। भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है। वह बृहस्पतिवार को सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र का आखिरी चुनाव और संविधान व आरक्षण बचाने का अंतिम अवसर है। भाजपा सरकार में बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। भाजपा का काम अनर्गल आरोप लगाना और बिना सिर-पैर की बातें करना रह गया है। आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है। ऐसे हालात में कार्यकर्ताओं को धैर्य से काम लेना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाषा में संयम रखने और व्यवहार व आचरण से उदाहरण पेश करने की नसीहत दी।
गोरखपुर हादसे की जांच की मांग
गोरखपुर हादसे में मासूम की मौत पर शोक जताते हुए अखिलेश ने कहा कि इस घटना से सभी आहत हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि परिवार से मिलकर हरसंभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। उन्होंने हादसे पर राजनीति करने वालों को लखनऊ अग्निकांड में मृत युवक की दुखी मां के साथ किए गए दुर्व्यवहार और धमकी की याद दिलाई। सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो पोस्ट कर उन्होंने कहा कि यह वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में युवक की मौत पर मुख्यमंत्री बिना सबूत दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, जो निंदनीय है। उन्होंने हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराकर सच सामने लाने की मांग की।
सीएम ने साधा था निशाना, कहा था- ये क्रूरता अक्षम्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से हुई 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के गुंडों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है।
परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक बच्चा चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी के परिवार का सदस्य था। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने के मामले में जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से इन लोगों की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाने में सफलता मिली थी।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार के साथ क्रूरता अक्षम्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है। उन्होंने इस घटना को समाजवादी पार्टी का इतिहास बताते हुए पार्टी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने के लिए आए हैं।
