यूपी: फिर सक्रिय होगा नया चक्रवात; 28 अक्तूबर से इन जिलों में बारिश की चेतावनी; आठ डिग्री तक गिरेगा पारा
Weather in UP: यूपी में एक बार फिर से मौसम बिगड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक बार फिर से बारिश होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से 28 से 30 अक्तूबर के बीच पूर्वी यूपी और मध्यांचल में बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। 29 अक्तूबर को कई जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अक्तूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी यूपी और मध्यांचल के कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इस माैसमी बदलाव से तीन दिनों में प्रदेश भर में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम तंत्र
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 25 अक्तूबर को गहन अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसी मौसम तंत्र का असर 28 अक्तूबर से उत्तर प्रदेश में दिखने लगेगा। इस बीच शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगरा और मथुरा में छिटपुट बूंदाबांदी हुई।