यूपी: पान मसाला कारोबार में 185 करोड़ की टैक्स चोरी, चित्रकूट-बांदा में छापेमारी; देशभर में 17 गिरफ्तारियां
डीजीजीआई की लखनऊ इकाई ने चित्रकूट और बांदा में पान मसाला, जर्दा और गुटखा के अवैध कारोबार का खुलासा किया। छापेमारी में बड़ी मात्रा में तैयार पाउच, कच्चा माल और मशीनें बरामद हुईं। जांच में करीब 185 करोड़ रुपये की कर-उपकर चोरी सामने आई। मामले में एक कारोबारी गिरफ्तार हुआ है।
विस्तार
जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की लखनऊ क्षेत्रीय इकाई ने चित्रकूट और बांदा में पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा के अवैध उत्पादन व कर चोरी से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। करीब 185 करोड़ रुपये की कर-उपकर चोरी सामने आई।
18 अगस्त की आधी रात छह परिसरों में हुई तलाशी में 27 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त की गईं। इनमें सुगंधित जर्दा की छह, पान मसाला की नौ और दोहरा/देसी गुटखा की 12 मशीनें हैं। दोनों फर्मों में एक उत्पादन और दूसरी व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी थी।
850 किलो ग्लिसरीन हुई बरामद
तलाशी में 1550922 तैयार पाउच, 32.9 टन सुपारी, 2.8 टन तंबाकू, 8.4 टन पैकिंग सामग्री, 470 किलो कत्था पाउडर, 850 किलो ग्लिसरीन, 545 किलो एसेंस और 256 किलो बिना पैक पान मसाला मिला। मिश्रण, सुपारी क्रशिंग व सुखाने वाली मशीनें भी बरामद हुईं।
जांच में बिना जीएसटी, एचएसएनएस उपकर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क चुकाए माल बाजार में भेजने का खुलासा हुआ। निर्माण फर्म के मालिक को 19 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एक फरवरी 2026 से पान मसाला-तंबाकू क्षेत्र में क्षमता आधारित उपकर व्यवस्था लागू है। डीजीजीआई के अनुसार, देशभर में ऐसे 27 मामलों में 668 करोड़ रुपये की चोरी पकड़ी गई और 17 लोग गिरफ्तार हुए हैं।