सीतापुर: डकैतों ने लूटा दो लाख से अधिक का माल, दनादन की कई राउंड फायरिंग
सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के बनिगवां गांव में बुधवार की रात एक घर से लाखों का माल बटोर रहे बदमाशों का गृहस्वामी के बेटों ने विरोध किया तो बदमाशों ने न सिर्फ पिटाई कर दी, बल्कि पकड़े गए अपने एक साथी को छुड़ाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी कर दी। घटना के बाद लूटपाट करने आए बदमाशों का एक मोबाइल, टार्च, प्लास आदि सामान पीड़ित के घर ही रह गया।
घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। खबर पाकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस घटना को चोरी बता रही है। पुलिस ने फायरिंग की बात से भी इंकार किया है, लेकिन पीड़िता ने फायरिंग की बात का तहरीर में भी जिक्र किया है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के बनिगवां गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र भारत प्रसाद ने बताया कि उसके घर बुधवार की रात करीब दो बजे आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश घर के पीछे से छत पर चढ़ गए और उसके बाद घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाश घर का कीमती सामान बटोरने लगे। इसी बीच गृहस्वामी का पुत्र सोनू सिंह जाग गया। वह बदमाशों ललकारता हुआ उनसे भिड़ गया। इस पर माल बटोर रहे बदमाश फायर कर भागने लगे। बदमाशों के भागने पर सोनू व अन्य ग्रामीणों ने पीछा किया।
फायरिंग करते आए बदमाश साथी को छुड़ा ले गए
गांव के पूरब गृहस्वामी के पुत्र व ग्रामीणों ने मिलकर एक बदमाश को दबोच लिया। साथी के पकड़े जाने पर अन्य बदमाश वापस आए और कई राउंड फायरिंग करते हुए साथी को छुड़ा ले गए।
इस दौरान बदमाश करीब दो लाख के जेवर, 12 हजार की नकदी लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सदरपुर उमाकांत दीपक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस इस घटना को लूट के बजाय चोरी मान रही है। पीड़ित ने घटना को लेकर तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।