लखनऊ: वीडियो में सामने आई हत्या आरोपी श्रद्धा दुबे, कहा- मैंने शिवा को नहीं मारा; मेरा नाम नेताओं से जोड़ें
Shraddha Dubey video: लखनऊ के चर्चित शिवा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी करते हुए खुद को बेगुनाह बताया है।
विस्तार
लखनऊ के चर्चित शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उसने खुद को बेगुनाह बताया है। उसने अब तक खुद पर लग रहे आरोपों का जवाब दिया है।
एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसमें वो कह रही है कि मेरा आप सभी से रिक्वेस्ट है, मेरे नाम को ऐसे मत उछालिए। आप हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। आप लोगों ने कई नेताओं, कई अधिकारियों के साथ मेरा बेवजह का नाम जोड़ा है हाँ, अगर वो मेरे इंस्टाग्राम पे मेरे से कोई ऐड है, तो आप मेरे बारे में ऐसी अफ़वाह मत फैलाइए।
मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है। मैं किसी को नहीं जानती हूँ, मेरा रिक्वेस्ट है कि प्लीज मेरे बारे में अफ़वाह मत फैलाइए। मैं कहीं गायब नहीं हूँ। मैं पुलिस में आकर बयान देना चाहती हूँ। मैं उन्हें सब कुछ सच-सच, जो कुछ भी है, मैं उन्हें सब कुछ सच-सच बताना चाहती हूँ। तो प्लीज, आप लोगों से मेरी यही रिक्वेस्ट है कि कुछ भी किसी लड़की के बारे में बोलने से पहले 100 बार सोचिए कि मेरा क्या गुनाह है।
मैंने कुछ नहीं किया है। जो कुछ भी सच है शिवा शर्मा कांड से रिलेटेड, कि उसकी कोई हत्या नहीं हुई थी, वो एक सुसाइड था। वो मैं आप लोगों से बताने वाली थी। लेकिन मेरी कंडीशन देखिए कि मैं किस कंडीशन में हूँ। मैं ठीक कंडीशन में नहीं हूँ। मैं बिल्कुल भी इस समय फिजिकली फिट नहीं हूं।
तो मेरा रिक्वेस्ट है, मेरा आप लोगों से निवेदन है कि किसी भी बड़े अधिकारी या नेताओं के साथ मेरा नाम मत जोड़िए जिसमें मेरी कोई इन्वॉल्वमेंट नहीं है।
दिन में मिलीं थीं नेपाल भाग जाने की खबरें
कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के दूसरे दिन यानी 10 अक्तूबर को मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के रुपईडीहा के रास्ते नेपाल भागने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा सुबह 5:36 बजे रुपईडीहा पहुंची फिर 11 बजे के आसपास रिक्शे से सीमा पार कर नेपाल गई। उसके साथ रिक्शे पर एक युवक भी दिखाई देने की बात कही जा रही है। पीछे दूसरे रिक्शे पर उसकी बहन रश्मि और एक अन्य युवक के सवार होने का अनुमान है। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने अभी इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, शिवा शर्मा की हत्या के बाद श्रद्धा दुबे अपनी काले रंग की कार से नानपारा होते हुए रुपईडीहा पहुंची थी। उसने कार रुपईडीहा थाने से करीब 50 मीटर दूर स्थित टैक्सी स्टैंड पर खड़ी की। इसके बाद वह रिक्शे से सीमा की ओर गई। सरकारी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच के दौरान उसके सीमा पार करने से जुड़े सुराग मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि ने अलग-अलग रिक्शों से सीमा पार की। दोनों के साथ एक-एक युवक भी रिक्शे पर बैठे दिखे हैं।