'प्लीज सर छोड़ दीजिए, दोबारा हेलमेट लगाकर ही स्कूटी से निकलूंगी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर, मुझे सर्वाइकल प्रॉब्लम है, इसलिए हेलमेट नहीं लगाया है, सर मैं कॉलेज से लौट रही थी और हेलमेट वहीं छूट गया। प्लीज छोड़ दीजिए, दोबारा हेलमेट पहनकर ही स्कूटी से निकलूंगी। यह नजारा शनिवार शाम हजरतगंज चौराहे पर देखने को मिला।
हेलमेट न लगाने के लिए युवती-महिलाओं ने ऐसे कई बहाने ट्रैफिक पुलिस को गिनाए। ट्रैफिक पुलिस ने उनकी एक न सुनी और चालान करके 30 युवतियों-महिलाओं से जुर्माना वसूला।
सीओ ट्रैफिक अवनीश मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे से हजरतगंज चौराहे पर हेलमेट न लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात संचालन में लगीं युवतियों ने बिना हेलमेट लगाकर स्कूटी से फर्राटा भर रहीं युवती-महिलाओं को दबोच लिया।
स्कूटी से उतरते ही युवतियां ट्रैफिक पुलिस के आगे गिड़गिड़ाने लगीं। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 90 वाहनों को रोककर चेक किया और 30 युवतियों का हेलमेट न लगाने पर चालान किया गया।
महिला की स्कूटी से निकाली चाभी, छीने पेपर
गौतमबुद्ध मार्ग निवासी बीना श्रीवास्तव यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं। वह बिना हेलमेट लगाकर गंज चौराहे से निकलीं। यह देख यातायात में लगीं उम्मीद संस्था की युवतियों ने स्कूटी रुकवाकर चाभी निकाल ली और गाड़ी के पेपर छीन लिए।
महिला ने विरोध किया तो युवतियां भिड़ गईं। ट्रैफिक पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया। शिकायत के बाद सीओ ट्रैफिक अवनीश मिश्रा ने युवतियों को पेपर व चाभी निकालने से मना किया।
मंत्री के चालक ने बाइक में लगाया प्रेशर हार्न
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट लगाकर बाइक से फर्राटा भर रहे युवक पंकज कपूर को दबोच लिया। उसने बाइक में कार का प्रेशर हॉर्न लगा रखा था। ट्रैफिक पुलिस ने पूछताछ की तो वह कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव का चालक बताकर रौंब गांठने लगा। ट्रैफिक पुलिस ने बाइक का चालान करके जुर्माना वसूला।