यूपी बोर्ड की 10वीं की बोर्ड परीक्षा निरस्त, सपा नेता आजम की हालत गंभीर, पढ़ें प्रदेश की पांच बड़ी खबरें
उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी खबर यह है कि सरकार ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा निरस्त कर दी है। वहीं, 12वीं की परीक्षा जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित करने की योजना बनाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज की सबसे बड़ी खबर है कि यूपी सरकार ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2021 की कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा निरस्त कर दी है। सरकार ने यह निर्णय कोरोना महामारी के कारण पैदा हुए हालात को ध्यान में रखकर लिया है। वहीं, 12वीं की परीक्षा जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी।
प्रदेश की दूसरी बड़ी खबर है कि कोरोना संक्रमित होने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज करवा रहे सपा नेता आजम खां की हालत गंभीर है उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
इसके अलावा, कोरोना के घटते संक्रमण को देखते हुए योगी सरकार एक जून से कोरोना कर्फ्यू से राहत देने की तैयारी कर रही है। हालांकि, अभी इसे लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि रविवार को होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, कोरोना से जूझ रहे मरीजों और इस पर काबू पाने में जुटे अफसरों व कर्मचारियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी आगे आए हैं। स्मृति व अक्षय ने भारी मात्रा में मास्क, साबुन, पीपीई किट व ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अमेठी भेजे हैं। यह सामग्री शनिवार को डीएम व एसपी को मुहैया कराई गई है।
बनारस हिंदू विश्विद्यालय अस्पताल में भर्ती जिस महिला की डिलिवरी के बाद जन्मी बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उसकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। खास बात यह है कि दो दिन में ही उसकी निगेटिव रिपोर्ट आने को लेकर अब परिजन भी हैरान हैं। उधर मां की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। आगे पढ़े प्रदेश की पांच बड़ी खबरें:
यहां खबरें विस्तार से: 10वीं की परीक्षा निरस्त, 12वीं के लिए जल्द जारी होगी समय सारिणी
उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इस साल दसवीं कक्षा के छात्रों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। दसवीं की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला मुख्यमंत्री योगी ने लिया है। दरअसल, कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण दसवीं की परीक्षाओं को रद्द करने के कयास काफी पहले से लगाए जा रहे थे, लेकिन इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री योगी को करना था। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शनिवार को दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने का एलान किया। वहीं, 12वीं की परीक्षा जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जल्द ही विस्तृत समय सारिणी जारी की जाएगी।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि इंटरमीडिएट की परीक्षा पूर्व की तरह इस वर्ष भी 15 कार्य दिवसों में संपादित की जाएगी। छात्रों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि प्रश्नपत्र की अवधि को मात्र डेढ़ घंटे रखा जाएगा तथा छात्रों को प्रश्नपत्र में दिए गए 10 प्रश्नों में से किन्ही 3 प्रश्नों का उत्तर देने की स्वतंत्रता होगी। बच्चों के मध्य सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए इस वर्ष केंद्रों की संख्या में वृद्धि की गई है। कक्षा 10 के बच्चों की कक्षा 11 में प्रोन्नति के विस्तृत दिशा निर्देश उत्तर प्रदेश मध्यमिक शिक्षा परिषद को बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सपा नेता आजम खां ऑक्सीजन सपोर्ट पर, हालत गंभीर
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां की हालत गंभीर है। वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। ये जानकारी मेदांता अस्पताल ने दी। आजम खां कोरोना पॉजिटिव हो गए थे जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
कोरोना कर्फ्यू से मिल सकती है राहत
कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद यूपी सरकार आंशिक कोरोना कर्फ्यू में ढील देने पर विचार कर रही है। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में कमी व रिकवरी रेट में सुधार के बाद माना जा रहा है कि 31 मई के बाद सरकार चरणबद्ध तरीके से कुछ पाबंदियां हटा सकती है। हालांकि, अभी इस पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है पर माना जा रहा है कि रविवार को बैठक में इस पर निर्णय लिया जा सकता है।
कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी व अक्षय कुमार ने मदद भेजी
कोरोना से जूझ रहे मरीजों और इस पर काबू पाने में जुटे अफसरों व कर्मचारियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी आगे आए हैं। स्मृति व अक्षय ने भारी मात्रा में मास्क, साबुन, पीपीई किट व ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अमेठी भेजे हैं। यह सामग्री शनिवार को डीएम व एसपी को मुहैया कराई गई है। अमेठी सांसद व केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी शनिवार को भारी मात्रा में कोरोना बचाव सामग्री लेकर डीएम के कैंप कार्यालय पहुंचे। डीएम को 35 हजार एन-95 मास्क, 200 हाई कंसंट्रेटर मास्क, 35 हजार साबुन, 2000 पीपीई किट व 42 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए।
दो दिन में कोरोना मुक्त हुई नवजात बच्ची
बीएचयू अस्पताल में भर्ती जिस महिला की डिलिवरी के बाद जन्मी बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उसकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। खास बात यह है कि दो दिन में ही उसकी निगेटिव रिपोर्ट आने को लेकर अब परिजन भी हैरान हैं। उधर मां की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है।
मूल रूप से चंदौली के सेमरा निवासी जिस महिला की 25 मई को डिलीवरी हुई तो उस समय उसकी खुद की कोरोना रिपोर्ट तो निगेटिव थी लेकिन जन्म के बाद जो बच्ची हुई उसकी 25 मई को कोरोना जांच का सैंपल लिया गया। आईएमएस बीएचयू के एमआरयू लैब से 26 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
इसके बाद से परिवार के सदस्य सहित अन्य लोग हैरान थे। बीएचयू अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में डिलीवरी के बाद भर्ती महिला के साथ ही उसकी संक्रमित बच्ची भी रह रही थी। महिला की दोबारा 27 मई को कोरोना जांच कराई गई तो उसकी रिपोर्ट भी 28 मई को निगेटिव आई है।
उधर शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद परिजनों के कहने पर नवजात बच्ची का दूसरा सैंपल भी उसी लैब में जांच के लिए भेजा गया तो वो रिपोर्ट भी उसी लैब से शुक्रवार देर रात यानी 28 मई को निगेटिव आ गई। फिलहाल मां और नवजात बच्ची दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं।