UP News: शिकार की तलाश में भूखा बाघ, अलर्ट मोड पर वन विभाग की टीमें; बागवानी संस्थान के बाहर दिखी चहलकदमी
लखनऊ में पांच दिनों से भूखा बाघ शिकार की तलाश में घूम रहा है। वन विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। अब बागवानी संस्थान के बाहर चहलकदमी देखी गई।
विस्तार
राजधानी लखनऊ के रहमानखेड़ा में बाघ बीते मंगलवार से भूखा है। इस बीच उसने गाय पर हमला तो किया। लेकिन, उसे निवाला बना पाने में नाकाम रहा। ग्रामीणों का कहना है कि भूखा बाघ अब अगले शिकार की फिराक में है। इधर, वन विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड में हैं।
रविवार को भी बाघ बागवानी संस्थान के बाहर चहलकदमी करता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बाघ देखने का दावा किया। लोगों में नाराजगी है कि वन विभाग, डब्लूटीआई और बाघ को ट्रांकुलाइज करने के लिए तैनात टीमों को ही बाघ क्यों नजर नहीं आ रहा है। रविवार सुबह रहमानखेड़ा में मुख्य मार्ग पर बाघ के पगचिह्न भी मिले हैं।
शिकार में वह नाकाम रहा था
वन विभाग का कहना है कि शिकार की आशंका को लेकर टीमें अलर्ट मोड पर हैं। बागवानी संस्थान में बाघ के प्रवेश मार्ग पर पड़वा बांध कर उसे घेरने की योजना है। रविवार को प्रदेश के अपर मुख्य प्रधान वन संरक्षक टाइगर प्रोजेक्ट ने भी बाघ रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। डीएफओ सितांशु पांडे के मुताबिक बाघ ने शिकार के लिए सहिलामऊ गांव में पालतू गाय पर हमला किया था, लेकिन शिकार में वह नाकाम रहा था।
बाघ के हमले में घायल गाय का नहीं हो रहा इलाज
सहिलामाऊ गांव निवासी धीरू ने बताया कि घायल गाय का इलाज करने को कोई भी डॉक्टर तैयार नहीं है। डॉक्टर कहते हैं कि उन्हें किसी कानूनी पचड़े में नहीं फंसना। वन विभाग भी कोई मदद नहीं कर रहा। गाय की हालत गंभीर होती जा रही है। रविवार को नाराज धीरू के परिजनों ने डायल 112 पर मदद मांगी। मौके पर पहुंचे पुलिसवालों ने उच्च अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही।