दूसरी शादी से नाराज तीन बेटों ने तलवार से काट दी पिता की गर्दन
यूपी में एक रोंगटे खड़े कर देने वारदात सामने आई है। पिता की दूसरी शादी से नाराज तीन बेटों ने उसे तलवार से काटकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना श्रावस्ती जिले के मलहीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेगमपुर के मजरा कुंभिया की है। सुबह करीब साढ़े नौ बजे घटी इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। चौथे भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
चार बेटों के पिता अली अहमद (60) की पत्नी का कुछ साल पहले देहांत हो गया था। जनवरी 2016 में उसने दूसरी शादी कर ली थी।
पिता की दूसरी शादी उसके तीन बेटों को रास नहीं आई। शादी के बाद से ही बाप-बेटों में विवाद होने लगा। दो महीने पहले तीनों भाइयों ने मिलकर अपनी सौतेली मां को घर से निकाल दिया।
मौके पर ही मर गया पिता
बेटों ने पिता के साथ भी हाथापाई की थी जिससे उसे काफी चोटें आई थीं। अली की इन चोटों का इलाज चल रहा था। मंगलवार को समधी हबीबुल्ला के साथ मोटरसाइकिल से इलाज के लिए जा रहा था।
दोनों गांव से बाहर कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि वहां पहले से घात लगाए बैठे अली के बेटे हकीम (30), कमरुद्दीन (28) और फखरुद्दीन (25) ने उस पर तलवार से हमला बोल दिया। इसी बीच एक वार गर्दन पर किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी होने पर गांववाले पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद तीनों भाई फरार हो गए। मृतक अली के मझले बेटे ने अपने तीनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी।