लखनऊ पुलिस की टिंकू कपाला गिरोह से मुठभेड़, तीन बदमाश घायल, दो पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी
कृष्णानगर इलाके के केशरी खेड़ा रेलवे अंडर पास के करीब रविवार तड़के 3.30 बजे से 4 बजे के बीच पुलिस की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में टिंकू कपाला गिरोह के तीन बदमाश पुलिस की गोलियों से घायल हो गए। वहीं बदमाशों ने दो सिपाहियों को भी गोली मार दी।
पुलिस का दावा है कि इन बदमाशों ने कृष्णानगर, नाका और गोमतीनगर इलाके में व्यापारियों को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घायल बदमाशों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। जबकि घायल पुलिसकर्मी लोकबंधु अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि राजधानी में बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए आठ टीमों का गठन किया गया था। सभी को अलग-अलग टास्क दिया गया। रविवार को एएसपी क्राइम दिनेश पुरी, सीओ कृष्णानगर अमित राय, सीओ क्राइम व गाजीपुर दीपक सिंह, सीओ आलमबाग लाल प्रताप सिंह की टीम को कृष्णानगर इलाके के केशरीखेड़ा इलाके में तीन शातिर बदमाशों के होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी।
रविवार सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच केशरी खेड़ा रेलवे अंडरपास के करीब एक बाइक से तीन संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस टीम पर फायरिंग कर रेलवे अंडरपास के पास की झाड़ियों की तरफ भागने लगे। उनकी बाइक झाड़ियों तरफ भागते समय ही फिसलकर गिर गई। बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे।
ये पुलिस कर्मी हुए घायल, बदमाशों की हुई पहचान
बदमाशों की गोली से कृष्णानगर में तैनात सिपाही सुनील कुमार राय और आलमबाग के सिपाही अखिलेश कुमार घायल हो गये। पुलिस ने जबाबी फायरिंग शुरू की। जिसमें तीनों बदमाशों को गोलियां लगी।
पुलिस की गोली से घायल बदमाशों में सआदतगंज के चौपटिया का रहने वाला अजय गुप्ता उर्फ टिंकू नेपाली, आलमबाग के गढ़ी कनौरा आरतीनगर का लईक और पीजीआई के वृंदावन का रहने वाला मोहक शास्त्री घायल हो गया।
पुलिस ने तत्काल मुठभेड़ की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। वहीं, घायल बदमाशों व पुलिसकर्मियों को लोकबंधू अस्पताल भेजा गया। जहां से डॉक्टरों ने घायल बदमाशों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं पुलिसकर्मियों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा था।
इस टीम ने दबोचा, एडीजी ने दिया 75 हजार का इनाम
आतंक का पर्याय बन गये तीनों बदमाशों को दबोचने वाली टीम को एडीजी राजीव कृष्ण ने 75 हजार रुपये का इनाम दिया है। इस टीम में एएसपी क्राइम दिनेश पुरी, सीओ कृष्णानगर अमित राय, सीओ आलमबाग लालप्रताप सिंह, सीओ क्राइम दीपक सिंह, इंस्पेक्टर कृष्णानगर प्रदीप कुमार सिंह, इंस्पेक्टर आलमबाग आनंद कुमार शाही, इंस्पेक्टर नाका सुजीत कुमार दुबे, एंटी डकैती सेल के संतोष अवस्थी, सर्विलांस सेल प्रभारी ऐनुद्दीन, एसआई पंकज सिंह, हेडकांस्टेबल अतिबल सिंह, अजीजुल हसन, अभिराम शुक्ला व कांस्टेबल रोहित सिंह, दिनेश यादव, परमवीर सिंह, आनंद मणि, कौशलेंद्र, सरताज, अभिजीत, आशीष, सुनील कुमार राय, अखिलेश कुमार शामिल हैं।