{"_id":"681128439dbe10bd310ae838","slug":"they-matched-their-steps-with-rhythm-and-the-whole-hall-danced-lucknow-news-c-13-1-lko1103-1180542-2025-04-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: ताल से मिलाई कदमताल, झूम उठा पूरा हाॅल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: ताल से मिलाई कदमताल, झूम उठा पूरा हाॅल
विज्ञापन
कार्यक्रम में प्रस्तुति देतीं विभूतियां।
विज्ञापन
लखनऊ। गुरुओं के सधे हुए सुर, वाद्ययंत्रों की संगत पर थिरकते पांव और सामने बैठे दर्शकों की झूमने वाली मुद्रा बता रही थी कि आज विश्व नृत्य दिवस है। भातखंडे संस्कृति विवि की ओर से मंगलवार को कलामंडपम में शिक्षकों और विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
संगीत की धुन पर शरीर की थिरकन, चेहरे की भाव भंगिमाएं और पैरों में बंधी घुंघरुओं की सुरीली रुनझुन का समीकरण देखने लायक था। इन प्रस्तुतियों से पहले विवि की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रुचि खरे की पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें कला जगत की कई हस्तियां पहुंचीं।
विज्ञापन
भातखंडे विवि के विद्यार्थियों अनंत शर्मा, वैष्णवी मिश्रा और प्रिया ने भरतनाट्यम से शुरुआत की। गुरुओं ने सुर साधे, वाद्ययंत्रों की जुगलबंदी पर इन विद्यार्थियों ने जब नृत्य शुरू किया तो सामने बैठे दर्शकों के भी रोंगटे खड़े हो गए। अनंत शर्मा की एकल प्रस्तुति पर दर्शक दीर्घा में बैठे भातखंडे विवि के विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर प्रोत्साहित किया।
विज्ञापन
इसके बाद गुरुओं की बारी थी। भातखंडे की अतिथि शिक्षक डॉ. प्रेरणा राना और डॉ. प्रियंका यादव ने जब नृत्य शुरू किया तो पूरा हाॅल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अंशिका कटारिया के गायन पर नृत्य की एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को दिल थामने पर मजबूर कर दिया।
ठुमरी ने तो सभी का दिल चुरा लिया। काहे को मेरे घर आए हो, हटो जाओ तुम उन्हीं के साथ रहो... पर प्रस्तुति पर दर्शक टकटकी लगाए देखते रहे। इसके बाद सखी री सावन भावत ना... पर भी खूब तालियां बजीं।