{"_id":"6878078d1be3b0677e01ad5c","slug":"there-was-more-jewellery-in-the-locker-but-less-is-being-found-consumers-are-feeling-cheated-lucknow-news-c-13-1-vns1028-1296371-2025-07-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: लाॅकर में ज्वेलरी थी ज्यादा, मिल रही कम, ठगा महसूस कर रहे उपभोक्ता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: लाॅकर में ज्वेलरी थी ज्यादा, मिल रही कम, ठगा महसूस कर रहे उपभोक्ता
विज्ञापन
अपने गहनों के दावे के लिए शादी के एलबम के साथ पहुंचे बैंक लॉकर मालिक पति-पत्नी।
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
लखनऊ। मटियारी में इंडियन ओवरसीज बैंक के लॉकर काटकर करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में बुधवार को पुलिस ने 34 ग्राहकों को चिनहट थाने बुलाया। यहां एक कमेटी के सामने उपभोक्ताओं ने अपने जेवरों की पहचान की। ग्राहक अपने दावे के लिए शादी के एलबम और ज्वेलरी खरीद की रसीद लेकर पहुंचे थे।
चोरी हो चुके जेवर वापस देखकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
एसीपी विनय कुमार द्विवेदी के मुताबिक जेवरों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है। कोर्ट के आदेश पर सभी के जेवर उन्हें वापस किए जाएंगे। बुधवार लॉकर मालिक दावे के लिए फोटो और रसीद लेकर आए थे। इनमें ज्यादा संख्या महिलाओं की थी। कुछ लोगों को अपने जेवर की पहचान करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। एसीपी ने बताया कि बैंक के ग्राहकों को नोटिस देकर बुलाया जा रहा है। अधिकांश लोगों ने अपने जेवर की पहचान कर ली है। शेष लोगों को आने वाले दिनों में जेवर दिखाए जाएंगे। चोरी हुए सारे जेवर बरामद किए जा चुके हैं।
विज्ञापन
जेवर की पहचान करने पहुंचीं लॉकर नंबर 62 की मालकिन अनुपमा तिवारी, लॉकर नंबर 32 की संस्कृति सिन्हा, लॉकर नंबर 68 के आशीष और लॉकर नंबर 71 के आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें उनके सारे जेवर नहीं दिखाए गए। संस्कृति का आरोप है कि करीब एक करोड़ के जेवर की जगह महज 50 हजार रुपये के गहने दिखाए गए। थाने में बड़ी संख्या में गहने रखे थे, जिसकी वजह से पहचान करने में भी दिक्कत हो हुई।
विज्ञापन
बीते वर्ष 21 दिसंबर की रात में मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के 41 लॉकर चोरों ने काटे थे। चोर करोड़ों के जेवर व नगदी लेकर भाग निकले थे। पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपियों को मारा गिराया, जबकि पांच को गिरफ्तार कर जेवर बरामद किए थे। सोना बरामदगी में गड़बड़ी की आशंका पर जांच भी हुई। 13 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर भी किए गए थे।
बरामद सोना एवं आभूषण की ग्राहकों से पहचान कराने के लिए कोर्ट के आदेश पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। इसमें एसीपी विभूतिखंड, इंस्पेक्टर चिनहट और मालखाना मोहर्रिर शामिल हैं। गहनों की शिनाख्त के बाद कमेटी ने लॉकर नंबर के आधार पर जेवर अलग अलग रखवाए। सभी ग्राहकों की ओर से जेवर की पहचान हो जाने के बाद इसकी रिपोर्ट कोर्ट को भेजी जाएगी। इसके बाद ग्राहकों को उनके जेवर वापस मिलेंगे।