लखनऊ। रियल स्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने के लिए अर्थव्यवस्था में सुधार बहुत जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि हमें प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाने के साथ ही समावेशी अर्थव्यवस्था के लिए कार्य करना होगा। वह लखनऊ विवि में अर्थशास्त्र विभाग की ओर एपीसेन सभागार में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के समापन सत्र में बोल रहे थे।
कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स फार विज़न विकसित भारत@2047 विषय पर आयोजित कार्यक्रम में अंतिम दिन प्रति कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने कहा कि बुनियादी ढांचे का समुचित विकास ही अर्थव्यवस्था को गति देगा। डीन प्रो. अरविंद मोहन ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना सतत विकास लक्ष्यों को पूर्ण करके ही साकार की जा सकती है और इसके लिए कारपोरेट जगत को आगे आना होगा। संयोजक डॉ. शची राय ने सेमिनार की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम में 215 शोधपत्रों का प्रस्तुतीकरण हाइब्रिड मोड में किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद सिंह, प्रो. मनोज अग्रवाल, डॉ. हरनाम सिंह, डॉ. वरुण छाछर, प्रो. संजय मेधावी, डॉ. सौरभ मालवीय, प्रो. वीके शर्मा, प्रो. ओंकार नाथ उपाध्याय, डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।