UP: दुबई में बैठकर यूपी में आतंकी साजिश, सरगना का प्रत्यर्पण बड़ी चुनौती; हमले के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट
दुबई में बैठकर यूपी में रेलवे को दहलाने की साजिश करने वाले सरगना के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। अब इसका प्रत्यर्पण जांच एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
यूपी में रेलवे सिग्नल बॉक्स में धमाका करने की साजिश रचने वाले आतंकी मॉड्यूल के सरगना का प्रत्यर्पण कराना जांच एजेंसी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जांच एजेंसी कागजी प्रक्रिया कर विदेश मंत्रालय को दस्तावेज भेजकर पूरी जानकारी साझा कर चुकी है, लेकिन अब तक उसमें कोई सफलता नहीं मिली है।
सरगना दुबई में बैठकर सोशल मीडिया के जरिये नेटवर्क तैयार कर रहा है।एटीएस ने दो अप्रैल 2026 को आलमनगर रेलवे स्टेशन से चार संदिग्ध आतंकियों शाकिब, अरबाब, विकास और लोकेश को गिरफ्तार किया था। एटीएस ने खुलासा किया था कि आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी व आईएसआई एजेंट के संपर्क में थे।
रेड कॉर्नर नोटिस जारी
उनके इशारे पर वह देश के अलग अलग शहरों में रेलवे सिग्नलों व सिलिंडर भरे वाहनों में विस्फोट करने वाले थे। जांच में खुलासा हुआ था कि इनका सरगना दुबई में बैठा मेरठ निवासी आकिब है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। एटीएस प्रयास में है कि उसका किसी भी तरह से प्रत्यर्पण हो। इसके लिए सेंट्रल की एजेंसियों व विदेश मंत्रालय के संपर्क में जांच एजेंसी के अधिकारी हैं।
आतंकी हमले के बाद प्रदेश में अलर्ट
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले के बाद यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया। सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर सभी जनपदों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।कुलगाम में शुक्रवार आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे। फिर छत्तीसगढ़ के दो हिंदुओं को समूह से अलग करके गोली मार दी। हमले में एक मजदूर की मौके पर और दूसरे मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस के अलावा सादे वस्त्रों में खुफिया एजेंसी के जवान भी तैनात किए गए है। सीसीटीवी कैमरों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी जा रही है।