लखनऊ: एसयूवी सवार बदमाशों ने किशोरी को अगवा किया, गैंगरेप का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकीपुरम थानाक्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक बजे एसयूवी सवार बदमाशों ने 15 साल की किशोरी को अगवा कर दिया। उसका मुंह दबाकर एसयूवी से सुनसान जगह पर ले गये। जहां दुष्कर्म किया। इसके बाद दो घंटे बाद उसे छोड़ दिया। पीड़िता घर पहुंची तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की।
सूचना मिलने के पांच घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी सहित तीन को दबोच लिया। वहीं एक आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है। दोपहर बाद उसका मजिस्ट्रियल बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया। फरार आरोपी की तलाश में तीन टीमें दबिश दे रही हैं।
एडीसीपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मूलरूप से सीतापुर के रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र निवासी तंदूर कारीगर जानकीपुरम इलाके में परिवार संग किराए के मकान में रहता है। पास में ही एक मुर्गे की दुकान लगाने वाला युवक जिब्राइल भी सीतापुर का ही रहने वाला है।
दोनों परिवार एक ही क्षेत्र में रहने के कारण पहले से परिचय था। तंदूर कारीगर की 15 साल की बेटी को शुक्रवार रात करीब एक बजे अचानक एसयूवी सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। करीब दो घंटे तक उसे सुनसान स्थान पर रखा। किशोरी ने आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया। करीब दो घंटे बाद आरोपियों ने किशोरी को घर से कुछ पहले छोड़ दिया और भाग निकले।
अगवा होने के तीन घंटे बाद दी पुलिस को सूचना
एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक किशोरी के अगवा होने के करीब तीन घंटे बाद परिवारीजनों ने 3.45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर जानकीपुरम इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। अभी वह पड़ताल कर ही रहे थे तभी एसीपी अलीगंज अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गये।
पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। वहीं पीड़िता को तत्काल बलरामपुर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।
पूछताछ में दुष्कर्म की बात से किया इंकार
पुलिस के मुताबिक किशोरी शुरूआत में अगवा कर गैंगरेप करने की बात कर रही थी। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने दुष्कर्म के आरोपों से इंकार कर दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बिंदु को अपनी पड़ताल से अलग नहीं किया है।
प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अशरफ के मुताबिक पुलिस ने अगवा करने, बंधक बनाए रखने और धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उनके मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी जाएगी। वहीं, पीड़िता का मजिस्ट्रियल बयान भी होना है। पुलिस इसका भी इंतजार कर रही है।