भाजपा विधायक की धमकी के बाद डिप्रेशन में आए दरोगा, अस्पताल में हुए भर्ती
रायबरेली के बछरावां के भाजपा विधायक की धमकी के बाद मंगलवार शाम दरोगा डीके राय बीमार हो गये। सूचना पर सीओ महाराजगंज विनीत सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने पहले दरोगा को सीएचसी और उसके बाद जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इमरजेंसी में ईएमओ डॉ. नवीन शर्मा ने उनका इलाज किया।
सीने में दर्द और घबराहट की दिक्कत होने पर ईएमओ ने उपनिरीक्षक को भर्ती कर लिया। इसके बाद अस्पताल के कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. सलीम को बुलाया गया। दरोगा का ईसीजी कराया गया है।
डॉ. सलीम का कहना है कि प्राथमिक तौर पर दरोगा को हार्ट अटैक जैसी कोई बात नहीं है। दरोगा में डिप्रेशन के लक्षण लग रहे हैं। फिर भी अन्य टेस्ट कराए जा रहे हैं और इलाज चल रहा है।
ऑडियो में किसकी आवाज होगी जांच
बछरावां विधायक रामनरेश रावत और उपनिरीक्षक डीके राय के बातचीत का ऑडियो वायरल होने के मामले की जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारी एएसपी ने मंगलवार को ऑडियो सुनने के बाद दरोगा से पूछताछ की। अभी विधायक का बयान दर्ज नहीं किया गया है।
मामला सत्ता पक्ष के विधायक से जुड़ा होने से पुलिस जांच के बाद ही कार्रवाई करना चाहती है।