{"_id":"6ab0ee9276446277c90147a3","slug":"students-protest-in-lucknow-university-lucknow-news-c-13-1-lko1020-1930028-2026-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: गर्ल्स हॉस्टल की अव्यवस्थाओं व अन्य समस्याओं को लेकर एबीवीपी का हंगामा, कुलपति कार्यालय घेरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: गर्ल्स हॉस्टल की अव्यवस्थाओं व अन्य समस्याओं को लेकर एबीवीपी का हंगामा, कुलपति कार्यालय घेरा
विज्ञापन
लखनऊ विवि के कुलपति कार्यालय का एबीवीपी ने किया घेराव। अमर उजाला
विज्ञापन
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों ने गर्ल्स हॉस्टल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर कुलपति कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने गंदे वॉशरूम, भोजन की गुणवत्ता और पानी की समस्या को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्र कुलपति को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शन के दौरान छात्र विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी के सामने नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कुछ छात्रों की प्रॉक्टर के साथ धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शन के बीच कई बार छात्र नेताओं के आपस में भिड़ने की स्थिति भी बनी। इससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही।
विज्ञापन
छात्रों का कहना था कि गर्ल्स हॉस्टल में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि हॉस्टल के वॉशरूम की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता और पेयजल को लेकर भी छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने इन समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
विज्ञापन
हंगामे की जानकारी मिलने पर कुलसचिव भावना मिश्रा भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याएं सुनने का प्रयास किया। हालांकि छात्र कुलपति को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे कुलपति के सामने ही अपनी समस्याएं और मांगें रखना चाहते हैं। देर तक छात्र कुलपति को बुलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।