आधार कार्ड बनवाने पर वसूले जा रहे हैं रुपये तो यहां करें शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीतापुर में 100 से 150 रुपये लेकर आधार कार्ड बनाने का मामला प्रकाश में आया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की लखनऊ टीम ने स्टिंग ऑपरेशन कर ऐसी दो एजेंसियों को पकड़ा है।
सीतापुर की इन दोनों एजेंसियों और उनके नामांकन केंद्र ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। प्राधिकरण के कम्युनिकेशन अधिकारी अकरम अली ने बताया कि कई दिन से लखनऊ, सीतापुर और दूसरे जिलों से हमें लगातार आधार बनवाने के लिए रिश्वत की मांग की शिकायत मिल रही थीं।
इसके बाद एक टीम सीतापुर भेजी गई। यहां हमारी टीम ने खुद नामांकन केंद्रों पर जाकर आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया। टीम की जांच में दो नामांकन एजेंसियों को मौके पर पकड़ा गया।
इन दोनों एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। ब्लैकलिस्ट की गई कंपनियों में नीरज सिंह ऑपरेटर की एजेंसी भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ और नवदीप शर्मा ऑपरेटर की एजेंसी एनके शर्मा इंटरप्राइज लिमिटेड शामिल है।
एजेंसी के खिलाफ होगी कार्रवाई
यह दोनों एजेंसी क्रमश: सूर्या कांप्लेक्स और सिधौली पोस्ट ऑफिस के सामने आधार नामांकन केंद्र चला रही थीं। इन नामांकन केंद्रों पर आधार बनाने का काम भी तुरंत बंद करा दिया गया है जिससे लोग इनके चंगुल में न फंसें।
यूआईडीएआई के अधिकारियों का कहना है कि आधार बनवाने के लिए आवेदक को कोई फीस नहीं देनी होती। एक बार आवेदन के बाद आधार संख्या मिलने पर खुद से कार्ड प्रिंट होकर आवेदक के पते पर पहुंच जाएगा।
इसके लिए किसी भी तरह की मांग अगर एजेंसी करती भी है तो यह गलत है। एजेंसी को भी यूआईडीएआई प्रति आधार कार्ड बनाने पर रजिस्ट्रार के माध्यम से 50 रुपए भुगतान करती है।
यूआईडीएआई का कहना है कि अगर कोई एजेंसी आधार बनाने के लिए पैसों की मांग कर रहा है। उसको कोई भी भुगतान करने की जगह उसकी शिकायत प्राधिकरण में करें।
यह शिकायत 0522-2304978/79 पर की जा सकती है। प्राधिकरण खुद उस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। पर lko@uidai.net.in ईमेल से भी शिकायत की जा सकती है।