बिहारी असलहों से चुनाव में हो सकता है बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे के पंचायत चुनाव में असामाजिक तत्व बिहार के मुंगेर निर्मित अवैध असलहों का भारी तादाद में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके मद्देनजर यूपी एसटीएफ इन असलहों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर रख रही है।
बता दें, अभी तक यूपी के रास्ते दिल्ली और एनसीआर परिक्षेत्र में मुंगेर निर्मित असलहे की सप्लाई होती रही है। जबकि पहले हरियाणा के रास्ते असलहों की सप्लाई होती थी। यूपी एसटीएफ के आला अफसरों को अंदेशा है कि पंचायत चुनाव से असामाजिक तत्व इन असलहों का लाभ उठा सकते हैं।
लिहाजा एसटीएफ को सूबे में पंचायत चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रभावी कदम उठाने को कहा गया है। इसके तहत असलहा तस्करों को गिरफ्तार करने की योजना है। इसके लिए एसटीएफ के अधिकारियों ने बिहार पुलिस से संपर्क किया है। साथ ही पूर्व में पकड़े गए असलहा तस्करों से हुई पूछताछ संबंधी दस्तावेज भी खंगालने शुरू कर दिया है।
यूपी एसटीएफ की अभी तक की छानबीन में अफरोज, मुकीम, फिरोज, सलीम और सतीश के नाम सामने आए हैं। इनमें से मुकीम को बिहार पुलिस ने एक बार गिरफ्तार भी किया था, पर वह जमानत पर छूट चुका है। बताया जा रहा है कि वह दोबारा इसी धंधे से जुड़ गया है।
काफी सस्ते हैं मुंगेर में बने असलहे
एसटीएफ के मुताबिक मुंगेर में बने असलहे असल में फैक्ट्री मेड असलहों जैसे ही होते हैं लेकिन असली के मुकाबले काफी सस्ते होते हैं। इसी वजह से बदमाश इन असलहों को रखना पसंद करते हैं।
मुंगेर में बनने वाले असलहों की सिर्फ दिल्ली व एनसीआर ही नहीं बल्कि यूपी में भारी खपत है। यूपी का शायद ही कोई जिला ऐसा हो, जहां सक्रिय बदमाशों के पास मुंगेर मेड असलहे मौजूद न हों।
बड़े पैमाने पर हो रहा असलहों का कारोबार
असलहा तस्करों से पूछताछ में यह साबित हो चुका है कि बिहार के मुंगेर में अवैध असलहों का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। वहां इन्हें धड़ल्ले से बनाया और बेचा जा रहा है।
खुली मंडी में असलहों की खरीद-फरोख्त की पुष्टि कई तस्करों के बयान से हो चुकी है। अभी तक जांच में एसटीएफ को जानकारी मिली है कि असलहे ट्रेेनों के साथ ही आवागमन के आम साधनों से लाए जा रहे हैं। फिलहाल एसटीएफ इन सभी मार्गों पर नजर रख रही है।
यूपी एसटीएफ के आईजी सुजीत पांडेय का कहना है कि असलहों के मुंगेर कनेक्शन पर एसटीएफ की खास नजर है। वहां से संगठित तरीके से असलहों की सप्लाई यूपी में हो रही है। जल्द ही इस धंधे से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।