यूपी चुनाव 2022: रामदास अठावले बोले- राज्यों को मिलेगा ओबीसी आरक्षण देने का अधिकार
रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया के संस्थापक रामदास अठावले ने कहा कि आरपीआई 26 सितंबर से गाजियाबाद से बहुजन कल्याण यात्रा प्रारंभ करेगी। इसके समापन पर लखनऊ में बड़ी रैली की जाएगी।
विस्तार
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री और आरपीआई अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि राज्यों को अपने यहां ओबीसी आरक्षण में नई जातियों को शामिल करने का अधिकार मिलेगा। इसके लिए शीघ्र ही संसद में संशोधन बिल पेश किया जाएगा। उन्होंने क्षत्रिय समाज को 10 फीसदी आरक्षण दिए जाने की मांग भी की।
अठावले शनिवार को राजधानी के योजना भवन में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मराठा, जाट, ठाकुर और राजपूत आरक्षण मांग रहे हैं। हमारी पार्टी क्षत्रियों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट कहता है कि आरक्षण राज्य का विषय नहीं है। लेकिन, शीघ्र ही संसद में संशोधन बिल पेश किया जाएगा। इससे राज्य सरकारों को ओबीसी आरक्षण में नई जातियां शामिल करने का अधिकार मिल जाएगा।
सीएम से मिलकर चुनाव में मांगी सीटें
अठावले ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर यूपी चुनाव में गठबंधन के तहत आरपीआई को कुछ सीटें देने की मांग की। कहा कि इससे दलित वोट बीजेपी गठबंधन की तरफ आएगा और सपा-बसपा कमजोर होंगे। कांग्रेस और रसातल में चली जाएगी।
किसानों का आंदोलन अनुचित
अठावले ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन अनुचित है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। अगर किसान संगठनों के नए कृषि कानूनों पर कुछ सुझाव हैं तो उन्हें दें, सरकार एक्ट में उन्हें शामिल कर लेगी। लेकिन, कानून को वापस लेने की मांग ही अपने आप में गलत है।
26 सितंबर से निकालेंगे बहुजन कल्याण यात्रा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी में आरपीआई को लगातार मजबूत करने के प्रयास किए जा रहेे हैं। हालांकि, यह सच है कि अभी हम यहां कमजोर हैं। 26 सितंबर को गाजियाबाद से बहुजन कल्याण यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न जिलों में होते हुए 18 दिसंबर को लखनऊ में एक लाख लोगों की रैली के साथ खत्म होगी। यूपी में आरपीआई का शिक्षक प्रकोष्ठ बनाया गया है। अधिवक्ताओं को भी संगठन से जोड़ने में सफलता मिली है।