लखनऊ में प्रशासन ने सस्ते में बिकवाए प्याज-टमाटर, लोगों ने कहा- बड़ी राहत मिली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आसमान छूती प्याज व टमाटर की कीमतों से परेशान शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए लगे स्टॉलों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। बाजार दर से कम मूल्य पर सामान पाकर लोग खुश भी हैं, वहीं कुछ लोगों ने घटिया प्याज-टमाटर बेचने का आरोप लगाया है।
मंडी समिति की तरफ से सप्रू मार्ग स्थित उद्यान भवन में लगाए गए बिक्री स्टॉल पर 40 रुपये किलो टमाटर और 30 रुपये किलो प्याज बिका। खरीदारी करने पहुंचीं प्रियंका तिवारी ने प्रशासन की इस पहल पर खुशी जताई। कहा कि इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
काउंटर पर मौजूद मंडी सहायक सूर्यभान यादव ने बताया कि शाम चार बजे तक काउंटर से 96 किलोग्राम प्याज और 45 किलोग्राम टमाटर बेचा जा चुका था। वहीं गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में लगे स्टॉल पर खरीदारों की भीड़ गायब थी। काउंटर पर मौजूद इक्का-दुक्का ग्राहकों ने प्याज-टमाटर की गुणवत्ता को खराब बताया।
ग्राहक महिमा ने बताया कि बेचे जा रहे टमाटर और प्याज का आकार काफी छोटा है और उनकी गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। तीस रुपये की दर से ऐसा प्याज खरीदने से बेहतर बाजार में 10 रुपये ज्यादा देकर अच्छा प्याज लेना होगा। काउंटर पर मौजूद विपणन कर्मी राजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि यहां पर शाम चार बजे तक 37 किलोग्राम टमाटर और 54 किलोग्राम प्याज ही बिका।
बिकते मिले कच्चे पक्के टमाटर
मंडी समिति और लखनऊ फ्रूट एंड वेजिटेबल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से नवीन गल्ला मंडी में स्टॉल लगाया गया है। कारोबारियों का कहना था कि जो टमाटर बंगलूरू से आ रहा, उसमें से अव्वल टमाटर की छंटाई के बाद बचे टमाटर को ही सस्ती दर के काउंटर पर बेचा जा रहा।
शिकायत गंभीर, होगी जांच
इस पर प्रभारी मंडी समिति व एडीएम ट्रांसगोमती अनिल कुमार का कहना है गुणवत्ता की शिकायत गंभीर है, इसकी जांच कराई जाएगी। इसका प्रबंध किया जाएगा कि लोगों को बेहतर गुणवत्ता का प्याज और टमाटर मिले। मंगलवार को छह स्थानों पर स्टॉल लगाए गए। यहां से 591 किलो प्याज और 301 किलो टमाटर की बिक्री सस्ती दर पर हुई।