मिशन 2017 के लिए 'सपा सेना' ने किया ऐलान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के प्रचार के लिए सपा की फौज कूद पड़ी है। प्रदेश के सभी जिलों में जनसंपर्क सभाएं शुरू हो गई हैं। कुछ जिलों में तैयारी के साथ कार्यक्रम शुरू हुए हैं जबकि कुछ जनपदों में औपचारिकता निभाई जा रही है।
अगले महीने सपा सरकार के तीन साल पूरे हो जाएंगे। सपा की योजना तीन साल की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते रहे हैं कि सरकार काम बहुत कर रही है लेकिन प्रचार नहीं हो रहा है। यदि गांवों तक सरकार के कामों को सही ढंग से पहुंचा दिया जाए तो 2017 में फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना मुश्किल नहीं है।
मुख्यमंत्री ने सरकार के कामकाज के प्रचार की जिम्मेदारी अब पार्टी नेताओं और संगठन को सौंपी है। उन्होंने पार्टी के सभी जिला व महानगर अध्यक्ष, महासचिव, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, राज्य कार्यकारिणी के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों और प्रमुख नेताओं को पत्र भेजकर सात फरवरी से जनसंपर्क सभाएं करने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए उन्होंने प्रमुख नेताओं को अलग-अलग जिलों का प्रभारी बनाया है। भले ही मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए बहुत गंभीर हों लेकिन अभी संगठन ने उतनी गंभीरता से नहीं लिया है।
वरिष्ठ नेताओं ने बनाई दूरी
पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक कई जिलों में जनसंपर्क अभियान अभी गति नहीं पकड़ सका है। कुछ जिलों में केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही है। वरिष्ठ नेता अभियान से दूरी बनाए हुए हैं।
घोषणापत्र में किए वादे हुए पूरे
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी का कहना है कि सभी जिलों में जनसंपर्क सभाएं प्रारंभ हो गई हैं। पार्टी नेता आम लोगों को बता रहे हैं कि विधानसभा चुनाव-2012 में घोषणापत्र में किए वादों को पूरा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने विकास का एजेंडा तय किया है। इस पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा, सरकार के कामों की जानकारी गांवों तक पहुंचाना जरूरी है ताकि जनता को अहसास हो सके कि सपा अपने वादों पर खरी उतर रही है। जनसंपर्क सभाओं में वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।