{"_id":"65cdbd39d7ef95688c0574fd","slug":"sonia-gandhi-writes-letter-to-people-of-raebareli-2024-02-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonia Gandhi: सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता को लिखा पत्र, अब चुनाव नहीं लड़ पाऊंगी, परिवार को संभाल लीजिएगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonia Gandhi: सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता को लिखा पत्र, अब चुनाव नहीं लड़ पाऊंगी, परिवार को संभाल लीजिएगा
Thu, 15 Feb 2024 04:40 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Thu, 15 Feb 2024 04:40 PM IST
सार
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता को लिखे गए भावुक पत्र में अपने परिवार से जनता के रिश्तों का जिक्र किया साथ ही आगे भी परिवार को संभाल लेने की अपील की है।
विज्ञापन
सोनिया गांधी
- फोटो : Social Media
विस्तार
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद रायबरेली की जनता को एक भावुक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र का हवाला देते हुए अगला चुनाव न लड़ने की बात कही है। हालांकि, रायबरेली से गहरा रिश्ता बताते हुए आगे भी परिवार को संभालने की अपील की है। उनकी अपील से स्पष्ट हो गया है कि गांधी परिवार का ही कोई शख्य रायबरेली से चुनाव लड़ेगा।
विज्ञापन
सोनिया गांधी ने पत्र में लिखा है कि मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा है। वह रायबरेली आकर आप लोगों में मिलकर पूरा होता है। यह नेह - नाता बहुत पुराना है और अपनी ससुराल से मुझे सौभाग्य की तरह मिला है।
विज्ञापन
रायबरेली के साथ हमारे परिवार के रिश्तें की जड़ें बहुत गहरी हैं। आजादी के बाद हुए पहले लोकसभा चुनाव में आपने मेरे ससुर फीरोज गांधी को यहां से जिताकर दिल्ली भेजा। उनके बाद मेरी सास इंदिरा गांधी को आपने अपना बना लिया। तब से अब तक यह सिलसिला जिंदगी के उतार-चढ़ाव और मुश्किल भरी राह पर प्यार और जोश के साथ आगे बढ़ता गया और इस पर हमारी आस्था मजबूत होती चली गई।
विज्ञापन
इसी रौशन रास्ते पर आपने मुझे भी चलने की जगह दी। सास और जीवनसाथी को हमेशा के लिए खोकर मैं आपके पास आई और आपने अपना आंचल मेरे लिए फैला दिया। पिछले दो चुनाव में विषम परिस्थतियों में भी आप एक चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े रहे, मैं यह कभी भूल नहीं सकती। यह कहते हुए मुझे गर्व है कि आज मैं जो कुछ भी हूं, आपकी बदौलत हूं और मैंने इस भरोसे को निभाने की हरदम कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि अब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के चलते मैं अगला लोकसभा चुनाव नहीं लडूंगी। इस निर्णय के बाद मुझे आपकी सीधी सेवा का अवसर नहीं मिलेगा, लेकिन यह तय है कि मेरा मन-प्राण हमेशा आपके पास रहेगा। मुझे पता है कि आप भी हर मुश्किल में मुझे और मेरे परिवार को वैसे ही संभाल लेंगे जैसे अब तक संभालते आये हैं। उन्होंने जल्द मिलने का भी वादा किया।