इन्वेस्टर्स समिट: VVIP की सुरक्षा का ऐसा इंतजाम कि परिंदा भी पर न मार सके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन्वेस्टर्स समिट के दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) से पार्किंग स्थल तक 800 मीटर के दायरे में 40 मिनट तक 3000 वीवीआईपी वाहनों के आवागमन की चुनौती से निपटने को पुलिस तैयार है।
सोमवार को एडीजी लखनऊ जोन राजीव कृष्ण ने पत्रकारों को तैयारियों की जानकारी दी। बताया कि सभी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियों के बारे में अवगत करा दिया गया है। मंगलवार सुबह रियल टाइम में फाइनल रिहर्सल होगी।
सुरक्षा और सुगम यातायात के इंतजाम पूरे
एडीजी ने बताया कि एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक के रूट पर हर तरह के अतिक्रमण व अवरोध हटवा दिए गए हैं। इससे ही प्रधानमंत्री और अन्य अतिथि आईजीपी पहुंचेंगे। रूट की हर सर्विस लेन पर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने को फोर्स तैनात रहेगी।
आईजीपी के आसपास, सीतापुर रोड के अलावा राजधानी के अन्य इलाकों में भी सुरक्षा और सुगम यातायात के इंतजाम कर लिए गए हैं। जिन होटलों में राज्य अतिथि और वीवीआईपी ठहरेंगे, वहां के कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन तथा परिसर की एंटी सेबोटाज चेकिंग करा ली गई है।
मंगलवार को रियल टाइम (प्रधानमंत्री के आने-जाने का वक्त) में फाइनल रिहर्सल होगी। सुबह नौ बजे से पहले ही पुलिस व यातायात विभाग के अधिकारी अमौसी एयरपोर्ट पहुंचकर रिहर्सल शुरू कर देंगे। प्रधानमंत्री बुधवार सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक समिट में रहेंगे।
पार्किंग स्थल की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती आईजीपी से पार्किंग स्थल तक की व्यवस्थाएं संभालने की है, जिसके लिए पुलिस तैयार है। 21 फरवरी बुधवार सुबह नौ बजे ही सभी राज्य अतिथियों और वीवीआईपी को पार्किंग स्थल से आईजीपी के सभागार तक पहुंचा देना है। इसके लिए 40 मिनट निर्धारित किए गए हैं।
राज्य अतिथियों और वीवीआईपी को लेकर आने वाले 3000 के आसपास वाहन पार्किंग स्थल से आईजीपी तक 800 मीटर के दायरे में रहेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे आएंगे। इससे पूर्व सभी राज्य अतिथियों और वीवीआईपी को आईजीपी के सभागार में पहुंचा देना है ताकि पीएम के आने से पहले अव्यवस्था न हो।
पीएम के आने-जाने पर रुकेगा ट्रैफिक, स्कूल-दफ्तर-दुकानें खुली रहेंगी
एडीजी ने बताया कि समिट के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। रूट पर पड़ने वाले सभी स्कूल, दफ्तर और दुकानें खुली रहेंगी। ट्रैफिक सामान्य रूप से चलेगा। सिर्फ प्रधानमंत्री के अमौसी एयरपोर्ट से आईजीपी आने और उनके लौटते वक्त ही कुछ देर के लिए यातायात रोका जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को आवागमन की समस्या न हो, इसके लिए कुछ रूट डायवर्ट किए गए हैं। लोग इसके बारे में पहले से जानकारी रखें।
एंबुलेंस व मरीजों के लिए बनाए गए हैं वैकल्पिक मार्ग
एडीजी ने बताया कि पीएम के रूट पर पड़ने वाले अस्पतालों तक एंबुलेंस अथवा मरीजों को पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं होगी। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। सभी अस्पताल संचालकों से पुलिस अधिकारियों ने बातचीत करके उन्हें इसके बारे में बता दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर रहेंगे स्नाइपर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को एसपीजी की टीम और एनएसजी के कमांडो रहेंगे। आईजीपी और प्रीमियम होटलों के आसपास की हाई राइज बिल्डिंगों में स्नाइपर्स तैनात रहेंगे। एंटी सेबोटाज टीम ने आईजीपी का कोना-कोना खंगाल लिया है।
बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें भी लगा दी गई हैं। खुफिया तंत्र भी सक्रिय है।
इनके जिम्मे रहेगी व्यवस्था
35-एएसपी
80-डिप्टी एसपी
55-इंस्पेक्टर
625-सब इंस्पेक्टर
60-सब इंस्पेक्टर (महिला)
80-हेड कांस्टेबल
3200-कांस्टेबल
300-कांस्टेबल (महिला)
11-ट्रैफिक इंस्पेक्टर
262-ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर
104-ट्रैफिक हेड कांस्टेबल
805-ट्रैफिक कांस्टेबल
13 कंपनी पीएसी
08 कंपनी सीपीएमएफ