Accident in Lucknow: लखनऊ में भीषण सड़क हादसे में सात की मौत, टैंकर से भिड़ी पिकअप
लखनऊ में बंथरा के बनी-मोहान रोड स्थित लतीफनगर तिराहे पर शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे पिकअप और टैंकर की सीधी टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। पांच घायलों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ में बंथरा के बनी-मोहान रोड स्थित लतीफनगर तिराहे पर शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे पिकअप और टैंकर की सीधी टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। पांच घायलों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। हादसा पिकअप के एक ट्रक को ओवरटेक करते वक्त हुआ।
प्रभारी निरीक्षक बंथरा अजय प्रताप सिंह के मुताबिक हरदोई के अतरौली स्थित दलेलपुर गांव से उन्नाव के सोहरामऊ बजेहरा गांव के राधे कश्यप की बेटी की बरात आई थी। इसमें आई डीजे व लाइट पार्टी के कर्मचारी व कुछ बराती द्वारचार के बाद देर रात पिकअप से हरदोई लौट रहे थे। लतीफनगर गांव के पास तिराहे पर पिकअप चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक किया। इस दौरान सामने से आ रहे तारकोल लदे टैंकर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
इसकी छत पर बैठे हरदोई के दलेलपुर निवासी सगे भाई जयकरन (22) व स्वयंभर (15), शैलेंद्र (35), राम आधार (15) और भिवानी के पुरुषोत्तक (23) व पकरियाकोल के राहुल (13) की टैंकर के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप चालक गुड़वा के शमीन (25) ने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ा। इसके अलावा दलेलपुर का संतोष, कुलदीप, पकरियाकोल का रामेंद्र व जितेंद्र और भिवानीखेड़ा का विवेक ट्रॉमा में भर्ती हैं। हादसे के वक्त तेज धमाके से इलाका दहल गया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पिकअप में फंसे लोगों को निकालकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, चालक टैंकर मौके पर छोड़कर भाग निकला।
हादसे के बाद लगा भीषण जाम
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों से जाम लग गया। वहीं, दूसरे वाहनों का आवागमन रुकने से सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते एंबुलेंस चालक को भी हादसा स्थल तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस को जाम खुलवाने में करीब ढाई घंटे लग गए।