सिपाही भर्ती 2018: आगरा और मथुरा में परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश में छह गिरफ्तार
सिपाही के 49,568 पदों के लिए रविवार को आयोजित हुई परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश करने पर यूपी एसटीएफ ने आगरा और मथुरा में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा के लिए प्रदेश के 35 जिलों में 720 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। एसटीएफ के एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि आगरा से तीन युवकों को अभ्यर्थियों से ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए युवकों का नाम शिव कुमार, भुवनेश और सत्यम है। यह अभ्यर्थियों से पास कराने के नाम पर 6 से 8 लाख रुपये लेकर ठगी करते हैं। इसके लिए वह भुवनेश और शिवकुमार मध्यप्रदेश के जबलपुर में इसी तरह के मामले में वांछित चल रहे हैं। शिवकुमार और भुवनेश मथुरा के रहने वाले हैं जबकि सत्यम कानपुर नगर का रहने वाला है। इनके पास से एसटीएफ की टीम ने 42 हजार रुपये, दो फर्जी प्रवेश पत्र और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।
इसी तरह मथुरा में भी अनुचित संसाधनों के साथ तीन युवकों को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है जिनके पास से सिम बेस्ड ब्लूटूथ डिवाइस, बटन कैमरा कान में लगाने वाली माइक्रो डिवाइस और परीक्षा से जुड़ अन्य दस्तावेज शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक सरगना, एक सॉल्वर और एक अभ्यर्थी है। अभिषेक ने बताया कि यह लोग परीक्षा पास कराने और फिजिकल टेस्ट पास कराने के लिए पांच लाख से 10 लाख रुपये लेते हैं।
गोरखपुर में देर से पहुंचा पेपर, अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने से किया इंकार
उधर, गोरखपुर में दूसरी पाली में परीक्षा केंद्र पर देर से प्रश्नपत्र पहुंचने से लगभग 500 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने से इंकार कर दिया। अब इन्हें सोमवार को दोबारा परीक्षा देने के लिए बुलाया गया है। भर्ती बोर्ड के चेयरमैन आरके विश्वकर्मा ने बताया कि हर जिले में दो-दो बफर सेंटर भी बनाए गए हैं।
इसके तहत यदि निर्धारित सेंटर पर परीक्षा नहीं हो पाती है तो उसे तत्काल बफर सेंटर में स्थानांतरित किया जा सकता है और वहां परीक्षा कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में पेपर के विलंब से पहुंचने के कारण जो अभ्यर्थी परीक्षा नहीं दे सके, उन्हें सोमवार को वैकल्पिक स्थिति के लिए आरक्षित किए गए परीक्षा केंद्रों (बफर सेंटर) पर बुलाया गया है।
डीजीपी ने राजधानी के तीन केंद्रों का किया दौरा
डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान राजधानी के तीन परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक दौरा किया। इसमें गोमतीनगर का टीडी इंटर कालेज और दि इंडियन पब्लिक इंटर कालेज और महानगर के दयानंद कन्या इंटर कालेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराने और अन्य व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।