'खुद सुधर जाओ, वरना हम सुधार देंगे'
यूपी सरकार प्रदेश में सुशासन के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करना चाहती। अफसरों के ढ़ीले रवैये पर कैबिनेट शिवपाल सिंह यादव ने अफसरों को धमकी दी है।
शिवपाल ने तहसील से लेकर थाने तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि खुद सुधर जाओ, वरना हम सुधार देंगे। उनके निरीक्षण की खबर से सभी सरकारी दफ्तरों में हड़कंप रहा।
निरीक्षण के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ खामियां मिली हैं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई की बात पर उन्होंने कहा कि आज रुक जाओ, कल (रविवार को) सब पता चल जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पब्लिक से भी मुलाकात कर कार्य की समीक्षा की।
दोपहर करीब एक बजे कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव अचानक तहसील पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले दस्तावेज चेक किए और तहसील से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी ली।
सीओ को भी जमकर फटकार लगाई
शिवपाल ने तहसील में कामकाज के सिलसिले में आई पब्लिक से भी बातचीत की। साथ ही तहसील में होने वाले कामकाज की समीक्षा की। उनके साथ एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह भी थे।
यहां से वे सीधे कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पहुंचकर उन्होंने छानबीन की और एक मामले में कोतवाल और सीओ को जमकर फटकार लगाई।
कोतवाली में समाधान दिवस का आयोजन हो रहा था, इसलिए फरियादियों की भीड़ भी मौजूद थी। उन्होंने फरियादियों से भी उनका पक्ष पूछा और पुलिस की कार्यशैली की समीक्षा की।