यूपी 100 में शिफ्ट बदलने से पुलिसकर्मी नाराज, कहा- परिवार में बढ़ रहा तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी 100 की गाड़ियों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के समय में बदलाव को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पहले जहां सुबह 9 बजे से रात नौ बजे तक पहली शिफ्ट और रात नौ बजे से सुबह 9 बजे तक दूसरी शिफ्ट होती थी। उसे अब क्रमश: सवेरे पांच बजे से शाम पांच बजे और शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक कर दी गई है।
एक दरोगा ने नाम न छापे जाने की शर्त पर बताया कि शिफ्ट का जो समय निर्धारित किया गया है, उससे परिवार को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कहा, सुबह पांच बजे ड्यूटी पर पहुंचने के लिए रात तीन बजे उठना पड़ता है। ऐसे में दिन के खाने की बात तो दूर सुबह का नाश्ता भी नहीं मिल पाता। इससे स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है और घर में भी तनाव बढ़ रहा है।
पीक आवर को देखते हुए की गई है नई व्यवस्था
यूपी 100 से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पीक आवर शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक यूपी 100 पर सर्वाधिक कॉलें आती हैं।
ऐसे में नौ बजे जब शिफ्ट बदल रही होती है, उस वक्त कोई कॉल आने पर अटेंड करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक की शिफ्ट निर्धारित की गई है।
पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़े तो दूर हो मुश्किल
मौजूदा समय में यूपी 100 पर पुलिसकर्मियों से 12-12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिसकर्मी बढ़ाए जाएं तो यह समय आठ-आठ घंटे का हो सकता है।
फिलहाल यूपी 100 में लगभग 22,000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। आठ घंटे की शिफ्ट करने के लिए करीब 11,000 पुलिसकर्मियों की और जरूरत पड़ेगी।