{"_id":"64327060fbd886cd690a7ca5","slug":"shaista-became-the-second-female-prize-criminal-in-the-state-deepti-bahal-of-ghaziabad-in-the-first-place-2023-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP News : प्रदेश में दूसरी नंबर की महिला इनामी अपराधी बनी शाइस्ता, पहले स्थान पर गाजियाबाद की दीप्ति बहल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News : प्रदेश में दूसरी नंबर की महिला इनामी अपराधी बनी शाइस्ता, पहले स्थान पर गाजियाबाद की दीप्ति बहल
Sun, 09 Apr 2023 01:31 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अशोक मिश्रा, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अशोक मिश्रा, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sun, 09 Apr 2023 01:31 PM IST
सार
माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी को भी पुलिस लंबे वक्त से तलाश रही है। ईडी ने अफशा के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर रखा है। मुख्तार के दोनों बेटों अब्बास और उमर पर भी लखनऊ पुलिस 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है।
विज्ञापन
शाइस्ता परवीन, माफिया अतीक अहमद की पत्नी।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन यूपी की दूसरे नंबर की इनामी अपराधी बन गई है। उमेश पाल हत्याकांड से बौखलाई पुलिस शाइस्ता पर इनाम की धनराशि को बढ़ाने की तैयारी में भी है। चंद दिनों में अगर शाइस्ता यूपी के मोस्ट वांटेड अपराधियों की फेहरिस्त में शामिल हो जाए तो, हैरत की बात नहीं होगी।
विज्ञापन
दरअसल, उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में शामिल शाइस्ता परवीन पर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने इनाम की धनराशि चंद घंटों में 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो इस धनराशि को बढ़ाने का प्रस्ताव जल्द ही डीजीपी मुख्यालय और शासन भेजा जाएगा, ताकि घटना में शामिल अतीक के पुत्र समेत पांचों शूटरों की तरह शाइस्ता की गिरफ्तारी पर भी इनाम की धनराशि को बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया जा सके। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही शाइस्ता का नाम यूपी के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल हो जाएगा।
विज्ञापन
इस सूची में पहले स्थान पर गाजियाबाद की दीप्ति बहल है। बहुचर्चित बाइक बोट घोटाले में ईओडब्ल्यू की सिफारिश पर शासन ने मुख्य आरोपी संजय भाटी की पत्नी दीप्ति बहल पर इनाम की धनराशि 5 लाख रुपये की थी।
विज्ञापन
अफशा और कुसुमलता पर इनाम नहीं
बताते चलें कि माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी को भी पुलिस लंबे वक्त से तलाश रही है। ईडी ने अफशा के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर रखा है। मुख्तार के दोनों बेटों अब्बास और उमर पर भी लखनऊ पुलिस 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। पुलिस अफशा अंसारी के कई आवासीय एवं व्यवसायिक परिसरों की कुर्की और उनको जमीदोंज करने की कार्रवाई भी कर चुकी है। पर, अभी तक अफशा की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित नहीं हुआ है। इसी तरह नोएडा अथाॅरिटी के मुख्य अभियंता यादव सिंह की पत्नी कुसुमलता को सीबीआई तीन साल तक तलाश करती रही, पर इनाम की घोषणा नहीं की। हालांकि ईडी ने कुसुमलता को तलाशने के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया था।
तीन सदस्यों पर घोषित हो चुका है इनाम
अतीक के कुनबे के तीन सदस्यों पर अब तक इनाम घोषित हो चुका है। शाइस्ता से पहले उमेश पाल हत्याकांड में शामिल असद पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं देवरिया जेल कांड में नामजद अतीक के बड़े बेटे उमर की गिरफ्तारी पर सीबीआई ने 2.50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। करीब ढाई साल तक फरार रहने के बाद उमर ने लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।