नाव पलटने से गंगा में डूबे सात लोगों के शव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के सिद्धनाथ घाट पर गुरुवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटने से डूबे सभी सात लोगों की मौत हो गई और सबके शव शुक्रवार को गोताखोरों ने निकाल लिए। छह शव घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर और एक युवती का शव डेढ़ किमी दूर ड्योढ़ी घाट पर मिला। अब हादसे में मरने वालों की संख्या नौ हो गई।
बता दें कि दो लोगों के शव गुरुवार रात ही निकाल लिए गए थे। इधर, शव को सील करने में पैसे लेने से नाराज मुहल्ले वालों ने हैलट इमरजेंसी में हंगामा किया। इसके बाद मुआवजे की मांग करते हुए हैलट के सामने जीटी रोड जाम कर दी। अफसरों के भरोसा देने पर जाम खत्म हुआ।
चकेरी के शिवकटरा मुहल्ले के निवासी सिटी बस चालक राजेश अग्रवाल के घर गणेश प्रतिमा स्थापित हुई थी। विसर्जन के लिए गुरुवार रात राजेश, परिजन और मुहल्ले के करीब 55 लोग बस से सिद्धनाथ घाट पहुंचे थे। वहां एक छोटी नाव पर 12 लोग प्रतिमा लेकर गंगा की बीच धारा में चले गए और तभी नाव पलट गई थी।
गोताखोरों की मदद से रात में तीन लोग निकाल लिए गए थे जिसमें दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। बाकी लोगों की तलाश में शुक्रवार सुबह पीएसी की स्पेशल डिजास्टर रेस्क्यू फोर्स, उन्नाव और कानपुर के करीब 25 गोताखोर नदी में उतारे गए।
गोताखोरों ने नदी में उतरने से किया इनकार
सुबह बकरीद की नमाज के चलते निजी गोताखोरों ने नदी में उतरने से मना कर दिया तो तब परिवार के अतुल अग्रवाल शुक्लागंज के गोताखोर मोहम्मद मुश्ताक और उनके छह साथियों को लेकर आए और सब नदी में उतरे। नमाज के बाद गोताखोर निसार, राजा तिवारी की टीम समेत 30-35 गोताखोर और आ गए।
सबसे पहला शव सुबह साढ़े 10 बजे मिला जो संतोष उर्फ गुड्डू अग्रवाल का था। इसके पांच मिनट बाद राजेश अग्रवाल के बेटे यश और फिर एक-एक करके शव निकाल लिए गए। कर्रही खाड़ेपुर से रिश्तेदारी में आई डिंपी का शव दोपहर साढ़े 12 बजे ड्योढ़ी घाट पर मिला।
इनके मिले शव
-तनय अग्रवाल(13) पुत्र महेंद्र अग्रवाल निवासी शिवकटरा
-राजेश अग्रवाल(45) निवासी कोंच जालौन
-यश अग्रवाल(13) पुत्र राजेश अग्रवाल
-अंशू उर्फ हंसू अग्रवाल(8) पुत्र संतोष अग्रवाल
-संतोष उर्फ गुड्डू अग्रवाल(40) निवासी शिवकटरा
-अजय उर्फ मोनू(25) पुत्र संतोष अग्रवाल निवासी कोंच जालौन
-डिंपी(13) पुत्री वीरेंद्र जैन निवासी कर्रही खाड़ेपुर नौबस्ता
गुरुवार को हुई थी इनकी मौत:
-संतोष अग्रवाल(52) निवासी कोंच जालौन
-संजय अग्रवाल(45) निवासी शिवकटरा