फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   See the ground report of districts of Poorvanchal.

यूपी का रण 2022: पूर्वांचल के जिलों में भाजपा के सामने गढ़ बचाने की चुनौती, यहां मुद्दों के साथ ही जाति-मजहब हावी

Wed, 12 Jan 2022 10:44 AM IST
ishwar ashish अनूप ओझा, अमर उजाला, लखनऊ
अनूप ओझा, अमर उजाला, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Wed, 12 Jan 2022 10:44 AM IST
सार

चुनावी समर भूमि सज गई है। कहीं गढ़ बचाने की लड़ाई है, तो कहीं नया गढ़ बनाने की चुनौती। सियासी ताकत और जातीय अस्मिता के सवाल खूब उछाले जा रहे हैं। वादों की बौछार हो रही है, तो मुद्दों की धार पैनी की जा रही है।

विज्ञापन
See the ground report of districts of Poorvanchal.
प्रयागराज के कॉफी हाउस पर चढ़ा सियासी रंग। यह स्थान साहित्य व राजनीति पर चर्चा के लिए प्रसिद्घ रहा है। - फोटो : amar ujala

विस्तार

हर आदमी में होते हैं दस बीस आदमी, जिस को भी देखना हो कई बार देखना। -निदा फाजली

विज्ञापन


चुनाव का मौसम है। अब तो हर रंग सियासी है। अब तो हर थाली में उम्मीदों के पुलाव हैं। मगर, इस बहार में बहक मत जाइएगा। पुलाव की खुशबू में खो मत जाइएगा। निदा फाजली के मर्म को समझिए  और फिर फैसला कीजिए। उनके अल्फाज आईना हैं। इस आईने में सिर्फ जिंदगी के फलसफे को ही नहीं, अपने भविष्य को भी देखिए। आईना है, झूठ नहीं बोलेगा। एक नहीं, दो नहीं, इसे बार-बार देखिए। अपनी उम्मीदों और बेहतर कल की कसौटी पर सबको परखिए। क्योंकि, सवाल सिर्फ चुनाव का नहीं है। आपका वोट प्रदेश के भविष्य की तस्वीर गढ़ेगा। आपको तस्वीर के हर फ्रेम को दुुरुस्त करना है। इसलिए एक-एक ईंट चुन कर रखिए और उस पर भविष्य की इमारत तैयार करने में सहयोग कीजिए, जैसा कि आप चाहते हैं। प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर के मतदाताओं के दिल की बातें बता रहे हैं अनूप ओझा...


चुनावी समर भूमि सज गई है। कहीं गढ़ बचाने की लड़ाई है, तो कहीं नया गढ़ बनाने की चुनौती। सियासी ताकत और जातीय अस्मिता के सवाल खूब उछाले जा रहे हैं। वादों की बौछार हो रही है, तो मुद्दों की धार पैनी की जा रही है। वोटों के ध्रुवीकरण के लिए जाति और धर्म का रंग गाढ़ा किया जा रहा है। चाय-पान की दुकानों से लेकर चौराहों की अड़ियों तक जीत-हार के दावे किए जा रहे हैं। कहीं नाम और काम हावी है, तो कहीं-कहीं मुफ्त बिजली-पानी के वादों का असर भी दिख रहा है। यूं कहें कि मतदाता सबको देख-परख रहा है। काम के आधार पर मूल्यांकन तो हो रहा है, पर ज्यादातर के मन-मस्तिष्क पर जाति-मजहब के समीकरण ही हावी हैं।

विज्ञापन


प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में सर्दी के साथ सियासी पारा भी तेजी से चढ़ रहा है। पिछले चुनावों में चारों जिलों की 28 विधानसभा सीटों में से 22 पर भाजपा व उसके गठबंधन अपना दल एस (भाजपा-18, अपना दल (एस)-4 ) का कब्जा है तो दो सीटें बसपा व एक-एक सीट सपा व कांग्रेस के खाते में हैं। दो पर निर्दलीयों का दबदबा रहा था। इस बार के चुनाव में भी अधिकतर सीटों पर मतदाता जाति-धर्म के मझधार में फंसा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रयागराज: तीर्थनगरी में माफिया पर शिकंजे से खुशी, भर्तियों में भ्रष्टाचार से नाराजगी
तीर्थों के राजा प्रयागराज में महंगाई और भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी बढ़ी है, तो विकास कार्यों के साथ माफिया अतीक अहमद पर शिकंजे को लेकर खुशी भी है। जिले की 12 सीटों में से दो सीटें शहर दक्षिणी उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और शहर पश्चिमी कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के प्रतिनिधित्व की वजह से सुर्खियों में हैं। इससे हटकर मुस्लिम बहुल यह सीट माफिया अतीक और उसके भाई पूर्व विधायक अशरफ समेत उनके करीबियों, रिश्तेदारों और व्यावसायिक साझीदारों के अवैध कब्जे वाले भवनों पर बुलडोजर गरजने से भी खासी चर्चा में है।

शहर पश्चिम में मतदाताओं का मिजाज जानने के लिए हम सुलेमसराय पहुंचे तो चश्मा महल के बगल चाय की दुकान पर चुनावी अड़ी लगी थी। कोई मुस्लिमों के ध्रुवीकरण की बात कर रहा था, तो कुछ लोग ओवैसी के यूपी की सियासत में आने से मुस्लिम वोटों के बंटने की चर्चा कर रहे थे।  विनोद जायसवाल ने कहा, चाहे जो भी हो मुस्लिम सपा में ही जाएगा। टक्कर तो सपा और भाजपा के बीच ही रहेगी। बीच में ही अटाला के फैयाज अहमद बोल पड़ते हैं- सिद्धार्थ नाथ ने शहर पश्चिमी को बदल दिया है। इतना विकास कभी नहीं हुआ था। वे सबकी सुनते हैं और मदद भी करते हैं। चकिया में मन्ना मोड़ पर मिले इसराइल  कहते हैं कि अबकी विकास का मुद्दा हावी है। किसी का जोर नहीं चलेगा।

अतीक पर सख्ती से मुस्लिमों में नाराजगी के सवाल पर वे कहते हैं, मुसलमानों में सिर्फ 10 फीसदी लोग ही उनकी बात करने वाले होंगे। सिद्धार्थनाथ ने हमेशा गरीबों की मदद की है। विकास भी किया है। ज्यादातर मुसलमान भी उनको चाहते हैं। सुल्तानपुर भावा में बुड्ढा ताजिया के पास मेडिकल स्टोर चलाने वाले अरशद कहते हैं कि मुसलमान अब किसी की झंडाबरदारी में रहने वाले नहीं हैं। सब जानते हैं कि अतीक अपने कर्मों की सजा भोग रहे हैं। उससे आम मुसलमानों का कोई लेना-देना नहीं है। अटाला मस्जिद के पास मिले रहमान और शरबरी आलम कहते हैं कि मुसलमान पढ़े-लिखों के साथ ही जाएगा। जाति-मजहब में बांटने की कोशिशें कामयाब नहीं हो पाएंगी।

शहर दक्षिणी में विरोध के स्वर, लड़ाई भाजपा बनाम सपा की
शहर दक्षिण के कटघर चौराहे पर पान की दुकान चलाने वाले रोहित कुशवाहा चुनाव की बात शुरू होते ही मगही पत्ते पर कत्था-चूना लगाना रोक देते हैं। वह कहते हैं, भइया महंगाई जीने नहीं दे रही है। इस मुद्दे पर तो हर कोई नाराज है, लेकिन विकल्प भी तो नहीं है। मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी से नाराजगी है, फिर भी मोदी के नाम पर वोट उन्हीं को देंगे। इससे फर्क नहीं पड़ता कि प्रत्याशी कौन है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी भी कभी इसी सीट से विधायक चुने गए थे। इसी मोहल्ले में चाय की दुकान पर मिले शनि केसरवानी ने कहा, इस बार बहुत नाराजगी है। महंगाई ने तो आंसू निकाल दिए हैं। वह तंज कसते हुए कहते हैं, यह गुस्सा बुलडोजर से शांत होने वाला नहीं है। इस पर राजीव गुप्ता उनको टोकते हुए कहते हैं, काशी धाम हो या अयोध्या, सब मोदी के काम को सराह रहे हैं। पेट्रोल दो सौ रुपये लीटर भी हो जाए तो क्या, लोग भाजपा को ही जिताएंगे। बलुआ घाट में मिले हरिशंकर निषाद कहते हैं कि यह सच है कि लोग नाराज हैं। मोदी-योगी की सरकारें सिर्फ महंगाई को ही कंट्रोल नहीं कर पाईं, बाकी सब ठीक है। इस बीच छोटा नंदी के नाम से मशहूर धनीराम केशरवानी आ जाते हैं। वे कहते हैं, नंद गोपाल नंदी से नाराजगी भले हो, लेकिन उनको चाहने वाले भी कम नहीं हैं। हालांकि, लड़ाई में सपा रहेगी।

ब्राह्मणों की नाराजगी भी मुद्दा
शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में मिले शंभू बैरक के निवासी एडवोकेट शरद चंद्र मिश्र कहते हैं, इस बार आरपार की लड़ाई है। सरकार ने ब्राह्मणों की अनदेखी की। इसका असर जरूर दिखेगा। यहां से चंद कदम दूर हाईकोर्ट चौराहे की आंबेडकर प्रतिमा के पास मिले पीएन श्रीवास्तव दलील देते हैं कि इस बार भाजपा से कोई लड़ाई में नहीं है। दलित समाज भी बहनजी से मुंह मोड़ चुका है। महान दल, समानता दल और स्वाभिमान दल जैसे छोटे दलों का छाछ पीकर सत्ता का स्वाद चखने का सपना देखने वालों को इस बार अंदाजा लग जाएगा। देख लीजिएगा, भाजपा ही जीतेगी, वोटों का अंतर भले ही कुछ कम हो जाए।

प्रतापगढ़ : पहली बार राजा भैया को गढ़ में ही मिल रही चुनौती

प्रतापगढ़ की सात सीटों में से दो-दो सीटें भाजपा व उसके सहयोगी अपना दल एस के हिस्से में हैं तो दो पर निर्दलीय व एक पर कांग्रेस का कब्जा है। यहां से लगातार छह बार के विधायक पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया को पहली बार अपने ही गढ़ में सपा-भाजपा से चुनौती मिल रही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि उनको कभी भाजपा तो कभी सपा का समर्थन मिला। अब दोनों ही पार्टियां मुखर हैं। कुंडा विधानसभा का मिजाज जानने के लिए हम कस्बे के भगवन तिराहे के पास पहुंचे। यहां मिले कारोबारी सतीश मौर्या कहते हैं कि जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को घेरने में सपा-भाजपा पूरी ताकत लगा रही हैं, लेकिन यह भी सही है कि यहां दलों की सीमाएं टूट जाती हैं। पेशे से अध्यापक राजमणि यादव टोकते हैं, लोकसभा के चुनाव में नतीजे देख चुके हैं। सपा इस बार कुंडा में मजबूती से लड़ेगी। मनोज कहते हैं कि सरकार ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तो अच्छा काम किया है, लेकिन बेरोजगारी, महंगाई और छुट्टा पशुओं से लोग परेशान हैं। राहुल, विनोद, प्रमोद और केशव सहमति तो जताते हैं, मगर उन्हें लगता है कि हिंदुत्व के बल पर भाजपा सत्ता में लौट सकती है।

रामपुर खास : महंगाई और छुट्टा मवेशियों का दर्द
वर्ष 1980 से लगातार कांग्रेस के कब्जे वाली रामपुर खास विधानसभा सीट पर भाजपा की नजर है, तो कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी ने गढ़ बचाने के लिए मजबूत किलेबंदी कर रखी है। लालगंज कस्बे में इंदिरा तिराहे पर मिले जयनारायण मिश्र कहते हैं, विकास तो यहां कोई मुद्दा ही नहीं है। प्रमोद तिवारी ने बुनियादी जरूरतों के लिए काफी काम किए हैं। दुकानदार धीरेंद्र, आरव और रवि गुप्ता भी उनकी हां में हां मिलाते नजर आए। आगे बढ़ने पर रानीगंज कैथोला बाजार में मिले धीरेंद्र सिंह अलबत्ता कहते हैं कि इस बार कांग्रेस का यह दुर्ग ढह जाएगा। कैसे? इस सवाल पर वह कहे हैं, हर घर में शौचालय, मुफ्त राशन, बेहतर कानून-व्यवस्था के बल पर भाजपा सत्ता में लौटेगी। साथ रहे राकेश उन्हें टोकते हुए कहते हैं- भैया, महंगाई का क्या होगा? उज्ज्वला के नाम पर मुफ्त मिले सिलिंडर को लोग रिफिल नहीं करवा पा रहे हैं। छुट्टा मवेशियों ने किसानों को अलग से परेशान कर रखा है। किसान मोहन सिंह कहते हैं, इस बार मुकाबला जोरदार है। प्रियंका गांधी की सक्रियता और घोषणाओं का भी असर दिखेगा।

पट्टी : काम के साथ नाकामियों पर भी चर्चा
विधानसभा क्षेत्र पट्टी में लोग सरकार के कामकाज को तौल रहे हैं। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती सिंह) इसी सीट से विधायक हैं। पट्टी कस्बे से करीब आठ किमी दूर उड़ैयाडीह बाजार में मिले शिवशंकर तिवारी कहते हैं, सड़कों की दशा पहले से बेहतर हुई है। हाईवे बने हैं। मुफ्त राशन मिलने से लोगों की परेशानी खत्म हुई है। तिवारी के साथ में रहे विवेक, मुकेश और हरिप्रकाश भी उनकी हां में हां मिलाते हुए कहते हैं कि योगी राज में माफिया का सफाया हुआ है। इस पर इरफान और दीनानाथ कहते हैं, एक वर्ग के लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई हुई है। कई बड़े लोगों को छुआ तक नहीं गया। चौराहे पर खड़े बृजेश और मुकीम कहते हैं कि सपा को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोरोना के समय मुसीबतों का पहाड़ झेलने वाले लोग भूले नहीं हैं। भाजपा को सपा से कड़ी टक्कर मिलेगी।

कौशांबी: जाति-धर्म का ही ज्यादा शोर

कोरों (सिराथू) के कुलदीप मिश्रा और कोर्रई के इंद्रेश यादव, सेलरहा के आफताब चुनावी चर्चा शुरू होते ही अलग-अलग तर्क देते हैं। कुलदीप कहते हैं कि कौशांबी जिले की तीनों सीटों पर एक बार फिर भाजपा ही जीतेगी। आफताब और इंद्रेश कहते हैं कि मंझनपुर और चायल सीट इस बार भाजपा और सपा में कांटे का मुकाबला होगा। मंझनपुर में पावर हाउस के सामने चाय की दुकान पर चल रही चुनावी चर्चा के बीच पारस, कन्हैया, गुड्डू कहते हैं कि इस बार सत्ताधारी दल की राह आसान नहीं होगी। हालांकि, टिकट पर काफी कुछ निर्भर रहेगा। अंत में चुनावी समीकरणों पर जाति, धर्म का ही रंग हावी रहेगा। टेड़ी मोड़ तिराहे पर चाय की दुकान पर लगे जमावड़े के बीच चल रही चुनावी चर्चा में प्रभाकर शुक्ला, मनोज पटेल, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी कहते हैं कि सिराथू वीआईपी सीट हैं। इस बार डिप्टी सीएम केशव मौर्या गृहनगर की सीट से किस्मत आजमा सकते हैं। ऐसा हुआ, तो यहां मुकाबला एकतरफा होगा।

फतेहपुर : कड़े मुकाबले की बन रही पृष्ठभूमि
फतेहपुर  की छह विधानसभा सीटों में से अयाह शाह, बिंदकी, फतेहपुर, हुसैनगंज और खागा में 2017 में भाजपा ने परचम फहराया था तो जहानाबाद सीट पर उसके सहयोगी दल अपना दल एस के हिस्से में गई थी। मुद्दों की बात करें तो बेरोजगारी, महंगाई, छुट्टा पशुओं की समस्या लोगों की चर्चाओं में उभरकर सामने आती हैं। पर, योजनाओं की तारीफें भी कम नहीं। इस बार यहां कड़े मुकाबले की पृष्ठभूमि बन रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed