यूपी चुनाव में होगी भारी फोर्स, अभेद्य होगी सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बार विधानसभा चुनाव में बड़ी तादाद में केंद्रीय बल की तैनाती होगी। चुनाव आयोग ने सूबे के चुनाव के लिए 947 कंपनी केंद्रीय बल की मांग की है।
इसमें से 900 कंपनी केंद्रीय बल मिलने की उम्मीद है। ऐसे में सूबे के 90741 पोलिंग सेंटरों पर पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की मौजूदगी में वोट पड़ेंगे।
चुनाव आयोग ने सूबे की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में चुनाव कराने का निर्णय लिया है। पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को होगा।
आठ मार्च को सातवें चरण का मतदान होगा। चुनाव आयोग की यह कोशिश है कि धनबल व बाहुबल पर पूरी तरह लगाम लगे, इसके लिए पूरा इंतजाम किया जा रहा है।
पिछले चुनाव में ये था हाल
यदि 2012 के विधानसभा चुनाव पर नजर डाली जाए तो उस समय 689 कंपनी केंद्रीय बल मिला था। लेकिन इस बार पोलिंग बूथ बढ़ने के कारण पहले से ज्यादा केंद्रीय बल मिलने की उम्मीद है।
गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयोग ने 900 कंपनी से अधिक सेंट्रल पैरा मिलेट्री फोर्स (सीपीएमएफ) की मांग की है। यदि 850 कंपनी भी सीपीएमएफ मिली तो बेहतर ढंग से चुनाव हो जाएंगे। संवेदनशील पोलिंग सेंटरों पर अधिक संख्या में बल लगेगा।
वहीं, जिलों में भी अपर पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में चुनाव सेल गठित हो गए हैं। साथ ही डीजीपी ऑफिस में भी चुनाव सेल बना है। जिलों से सारी रिपोर्ट इसी सेल में आ रही है। मुख्यालय स्तर पर इनकी मॉनीटरिंग भी शुरू हो गई है।