लखनऊ मेट्रो के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है केंद्र सरकार: सपा
सपा ने केंद्र सरकार पर लखनऊ मेट्रो के प्रति सौतेले व्यवहार का आरोप लगाया है। पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि लखनऊ में मेट्रो तैयार है, लेकिन कोच्चि में उसकी शुरूआत की जा रही है।
लखनऊ की जनता के प्रति भाजपा की यह उपेक्षा सहन नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि योगी सरकार 80 दिन बाद भी अपनी कोई भी प्रभावी जनहित की नई योजना पेश नहीं कर सकी है। वह सपा सरकार की योजनाओं को ही नाम बदलकर पेश कर रही है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा की सोच है कि इस तरह वह जनता को बहकाने में सफल हो जाएगी और अपनी सरकार की असफलताओं पर पर्दा डाल लेगी।
एक दिसम्बर 2016 को शुरू हो चुका है ट्रॉयल
उन्होंने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेट्रो परियोजना को अंतिम रूप दिया था।
उनका इरादा मेट्रो योजना का कानपुर, गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी, आगरा तक विस्तार करने का था।
मेट्रो के काम को प्राथमिकता देने से इसके निर्माण में तेजी आई और 1 दिसंबर 2016 को इसका पहला ट्रायल भी हो गया था।
लेकिन लखनऊ मेट्रो के परिचालन के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी की जाने वाली तकनीकी अनुमति रोक दी गई। भाजपा का यह रवैया संघीय ढांचे की अनदेखी है।