होमगार्ड ने किया इश्क तो हो गया बड़ा बवाल!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छपार क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के मामले में बुधवार को बवाल हो गया। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान भीड़ ने महिला को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की। संप्रदाय विशेष की भीड़ ने पथराव कर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। प्रेमी युगल को कोर्ट ले जाया गया। इस बीच मीनाक्षी चौक पर लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया।
छपार क्षेत्र निवासी दूसरे संप्रदाय की महिला की काफी दिनों से पति से अनबन चल रही थी। पड़ोस के गांव के रहने वाले होमगार्ड ईश्वरचंद से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया। करीब एक माह पहले दोनों घर से फरार हो गए। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस महिला का मेडिकल कराने के लिए बुधवार दोपहर जिला अस्पताल लाई।
इसकी भनक महिला के परिजनों को लग गई। उनके साथ काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। महिला को पुलिस कस्टडी से छुड़ाकर ले जाने का प्रयास किया। पुलिस के विरोध पर कामयाबी हासिल नहीं हुई।
लव मैरिज से गुस्साए लोगों ने किया पथराव
गुस्साए लोगों ने हंगामा करने के बाद पथराव शुरू कर दिया। आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस महिला को जीप में बैठाकर निकल गई। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने मीडियाकर्मियों पर पथराव कर दिया। उन लोगों ने किसी तरह छिपकर जान बचाई।
भीड़ ने अस्पताल से बाहर आकर सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर एसपी सिटी श्रवण कुमार और सीओ सिटी संजीव वाजपेयी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
लाठियां फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। महिला को बयान कराने के लिए कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान काफी भीड़ मीनाक्षी चौक पर जमा हो गई। होमगार्ड पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
एहतियातन आसपास के क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी गई। शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा का कहना है कि महिला के कोर्ट में बयान करा दिए गए हैं। कोर्ट ने बालिग होने की स्थिति में महिला की इच्छानुसार पति के साथ जाने की इजाजत दे दी है।