आरएसएस के सर कार्यवाह ने प्रचारकों संग किया मंथन, शाखाओं से लेकर सेवा कार्यों के विस्तार पर चर्चा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने लखनऊ में संघ मुख्यालय भारती भवन में संघ परिवार के विभिन्न संगठनों की जिम्मेदारी संभालने वाले और लखनऊ में रह रहे प्रचारकों के साथ संगठानत्मक मुद्दों पर मंथन किया।
सरकार्यवाह नियुक्त होने के बाद होसबाले पहली बार लखनऊ के प्रवास पर हैं। फिलहाल उनका केंद्र लखनऊ ही है। बैठक के बाद उन्होंने शाम को सिंगारनगर में आयोजित संघ परिवार के मिलन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
सरकार्यवाह से पहले होसबाले के पास सह सरकार्यवाह की जिम्मेदारी थी, तब भी उनका केंद्र लखनऊ ही था। इसी महीने बंगलुरू में हुई बैठक में उन्हें संघ में दूसरे नंबर के महत्वपूर्ण पद सरकार्यवाह की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वैसे तो सरकार्यवाह की संघ परिवार के विभिन्न संगठनों में अलग-अलग भूमिका में काम कर रहे प्रचारकों के साथ हुई बैठक मुख्य रूप से परिचयात्मक ही थी लेकिन बातचीत शुरू हुई तो संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
शताब्दी वर्ष में लक्ष्य रखकर करेंगे काम
चूंकि दत्तात्रेय होसबाले का केंद्र पहले से लखनऊ रहा है, इस नाते ज्यादातर प्रचारकों के साथ उनका परिचय, संपर्क और संवाद पहले से ही था। इसलिए बैठक में संगठनात्मक चर्चा भी हुई। सेवा कार्यों से जुड़े संगठनों के कामों को और प्रभावी बनाने के अलावा शिक्षा, सरोकार के साथ संघ के शताब्दी वर्ष में हर गांव में शाखा का काम पहुंचाने पर भी मनन-मंथन हुआ।
शिक्षा और सामाजिक समरसता जैसे सरोकारों के साथ ग्राम विकास और युवा स्वावलंबन जैसे क्षेत्रों में भी संघ के काम को प्रभावी विस्तार देने पर भी बातचीत की गई। बैठक के बाद मिलन कार्यक्रम में संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल तथा प्रांत प्रचारक कौशल सहित लखनऊ में रहने वाले अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे।