बदमाशों के हत्थे चढ़े सवा किलो की चेन पहनने वाले यूपी के ‘बप्पी लहरी’
बॉलीवुड के संगीतकार बप्पी लहरी की तरह सोने के जेवरों से लदे रहने वाले काकादेव के एक ज्वैलर्स की हत्या और लूट की साजिश रचने वाले वेस्ट यूपी और दिल्ली के छह बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया।
इनके पास से एक बाइक, दो तमंचे, चार कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इन्हीं बदमाशों ने पिछले महीने नजीराबाद क्षेत्र में रिटायर्ड कर्मचारी जगत नारायण गुप्ता से 40 हजार रुपये की लूट की थी।
नजीराबाद सीओ संजीव दीक्षित ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि शनिवार रात एसओ अखिलेश गौड़ ने जेके नहरिया के पास एक बीयर शॉप पर छापा मारकर शक के आधार पर छह युवकों को उठाया था।
पुलिस ने सख्ती की तो युवकों ने वारदात की पूरी प्लानिंग उगल दी। सीओ के मुताबिक रविवार सुबह दिल्ली से आए बदमाशों का टारगेट सवा किलोग्राम सोने की चेन पहनने वाले काकादेव के लक्ष्मी ज्वैलर्स के मालिक मनोज सेंगर थे।
चेन के बारे में बदमाशों ने सुनी थी चर्चा
बदमाशों को पता चला था कि मनोज सेंगर सवा किलो की सोने की चेन के अलावा कई जेवर पहनते हैं इसलिए उन्हें निशाना बनाया जाना था। इसके लिए लुटेरों ने बाकायदा फुलप्रूफ प्लानिंग बनाई थी। उसको अंजाम देने में ही यह सब जुटे हुए थे।
रजतभान निवासी नेहरू रोड बड़ौत बागपत, (मूल पता लक्ष्मी गार्डन लोनी गाजियाबाद) विकास कुमार निवासी लक्ष्मी गार्डन लोनी गाजियाबाद (मूल पता इंदल नगर प्योरखास थाना कंपिल फर्रुखाबाद) तरुण निवासी शहदरा नई दिल्ली, मुनीर खान, मो. शहनवाज निवासी कैलाश नगर लोहे वाला पुल गांधी नगर दिल्ली, अनीस अहमद निवासी जाफराबाद थाना शीलमपुर दिल्ली।