लखनऊ। बलरामपुर और डफरिन अस्पताल के गेट पर पिछले पांच दिन से लगने वाले जाम से शुक्रवार को राहत मिल गई। अस्पताल गेट पर पुलिस दिन भर ट्रैफिक को संभाले रही। इससे मरीजों को अस्पताल आने-जाने में जाम का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं, नगर निगम व पुलिस के संयुक्त अभियान में डफरिन मार्ग पर सजी अवैध दुकानों को हटा दिया गया। इससे पूरा मार्ग साफ हो गया है। हालांकि, अस्पताल के सामने बनी अवैध पार्किंग पर कार्रवाई नहीं की गई।
बलरामपुर-डफरिन अस्पताल जाने वाले मार्ग पर अवैध दुकानें व ई रिक्शा जाम की वजह बने थे। इससे पांच दिन से इस मार्ग पर अस्पताल पहुंचने की राह आसान नहीं थी। अमर उजाला में लगातार कई दिन खबरें प्रकाशित होने बाद दो दिनों से थाने व ट्रैफिक पुलिस बलरामपुर अस्पताल चौराहे पर मोर्चा संभालकर ट्रैफिक संचालन करा रहा है। इससे जाम की स्थिति नहीं बनी है। शुक्रवार को नगर निगम व पुलिस ने अभियान चलाकर बलरामपुर व डफरिन अस्पताल मार्ग पर सजी अवैध दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। वहीं, डफरिन के मुख्य गेट पर बनी अवैध पार्किंग पर अस्पताल की सीएमएस डॉ. रंजना प्रसाद ने कहा कि रोड से अवैध पार्किंग हटवाई जाएगी। इसके लिए पुलिस को पत्र भेजा जाएगा। इससे भी जाम की स्थिति बनती है।

डफरिन अस्पताल के बाहर खाली हुई सड़क।

डफरिन अस्पताल के बाहर खाली हुई सड़क।