हर साल यूपी से दो लाख मीटर खादी का कपड़ा खरीदेगा रेमंड : मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एमएसएमई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि रेमंड हर साल यूपी से दो लाख मीटर खादी का कपड़ा खरीदेगा। ये कपड़ा खादी बोर्ड के समूह से खरीदा जाएगा। इस संबंध में रेमंड के साथ बातचीत फाइनल हो चुकी है। खादी वस्त्रों की मांग बढ़ने से बड़े पैमाने पर रोजगार भी बढ़ेंगे। वे शनिवार को यूपी स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन ओडीओपी उद्यमियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अवध शिल्प ग्राम में हुए कार्यक्रम में सिद्धार्थनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत 3800 करोड़ रुपये का लोन दिया गया। यही नहीं तीन साल में 20 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है।
तकनीकी सत्र में उन्होंने कहा कि ओडीओपी उद्यमियों के हुनर को दूर-दूर तक पहुंचाना ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। इसके लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन हुनरमंद लोगों की आय कैसे बढ़ाई जाए, यही हमारी चिंता है। उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए भी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। ओडीओपी और विश्वकर्मा सम्मान योजना इसी दिशा में बढ़ाए गए कदम हैं।
उन्होंने कहा कि ओडीओपी उत्पाद देखने में तो छोटे लगते हैं, लेकिन जरूरत को देखते हुए इनका महत्व बहुत बड़ा है। मजदूरों के बच्चों की शिक्षा की भी सरकार ने चिंता की है। अटल आवासीय शिक्षा योजना के तहत मंडलों में खुलने वाले आवासीय विद्यालयों में उनके बच्चे अब बोर्डिंग स्कूल में पढ़ सकेंगे। सरकार ऐसे कदम उठा रही है जिससे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर में भी खुशहाली आ सके।
फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने का फैसला
उन्होंने कहा कि ओडीओपी उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूरे मन से हिस्सा लें। उद्यमियों के लिए सरकार ने 22 फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने का फैसला किया। प्रत्येक जिले में ऐसा अनूठा सेंटर स्थापित किया जाएगा। इससे ओडीओपी उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार का अवसर मिलेगा। सिद्धार्थनाथ ने कहा कि प्रदेश की 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में एमएसएमई का बड़ा योगदान होगा। इस लक्ष्य को ओडीओपी के बिना हासिल नहीं किया जा सकता।
20 हजार लोगों को मिलेगा प्रशिक्षण
सिद्धार्थनाथ ने कहा कि इस वर्ष विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत 20 हजार लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पिछले वर्ष 7000 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया था। प्रदेश का निवेश 28 फीसदी बढ़ने से आय भी बढ़ी है।
पूरे देश में लगेगी यूपी हाट
भविष्य में देश व प्रदेश के अन्य शहरों में यूपी हाट के नाम से प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस काम में प्रदेश सरकार न सिर्फ पहल करेगी, बल्कि ओडीओपी उद्यमियों की हरसंभव मदद भी करेगी।