राज्यपाल बोले, इलेक्शन मोड में आ रहा है यूपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल राम नाईक ने एक बार फिर मेरठ और रायबरेली दोनों शहरों को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने की हिमायत की है।
शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में राज्यपाल ने बताया कि सूबे में धीरे-धीरे 2017 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मी प्रारंभ हो रही है। 29 जनवरी को राज्य विधानमंडल का शीतकालीन सत्र भी बुलाया गया है।
उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि देश के चिह्नित 100 शहरों में से यूपी के 13 शहर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने हैं, जिसमें से अभी 12 शहर ही चयनित हुए हैं।
13वें शहर के रूप में मेरठ या रायबरेली पर अंतिम निर्णय किया जाना है। बेहतर होगा कि दोनों शहरों का चयन करके यूपी से 14 स्मार्ट सिटी को योजना में शामिल किया जाए।
किसानों तक मदद न पहुंचने की शिकायत की
राज्यपाल ने राष्ट्रपति को प्रदेश सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं के साथ-साथ सूखे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा कुछ राहत घोषित हुई है। लेकिन यह सहायता किसानों तक न पहुंचने की शिकायतें भी हैं।
राज्यपाल ने मुखर्जी को उच्च शिक्षा में सुधार के लिए उठाए जा रहे कदमों, हाल में हुए पंचायत चुनाव में हिंसा की घटनाओं, आगरा में हुए अप्रवासी भारतीय सम्मेलन की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराना आवश्यक है। जिसके लिए केंद्र और राज्य सरकार को संयुक्त रूप से प्रयास करने होंगे।