राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी लवकुश के घर STF का छापा, भूसे से लेकर कंडे तक तलाशे; माता-पिता साथ ले गई टीम
राम मंदिर के चढ़ावा मामले में जांच तेज हो गई है। जांच एजेंसियों ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर हर हिस्से की गहन तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ की। संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में धन के स्रोत, उपयोग और अन्य संभावित कड़ियों की जांच लगातार जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से कथित गबन के मामले में जांच तेज हो गई है। एसटीएफ, अयोध्या पुलिस और रुदौली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रुदौली कोतवाली क्षेत्र के ठकुरइन फगोली गांव में की गई।
जांच के दौरान टीम ने घर के अंदर और परिसर में रखे भूसे और कंडों तक की गहन तलाशी ली। पुलिस कथित गबन की रकम या उससे जुड़े किसी भी साक्ष्य की तलाश कर रही थी। कार्रवाई के दौरान लवकुश मिश्रा की मां, दादी और बाबा से अलग-अलग पूछताछ भी की गई।
इसके बाद टीम आरोपी के पिता बच्चूलाल मिश्रा और मां को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में धनराशि के उपयोग, उसके संभावित ठिकानों और अन्य पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। गांव से दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की चर्चा है, हालांकि पुलिस या एसटीएफ ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई
लवकुश मिश्रा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि कथित गबन की राशि कहीं और तो नहीं छिपाई गई है। इसी उद्देश्य से घर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई।
इसके अलावा रुदौली पुलिस उपनिबंधक कार्यालय से भी संबंधित जानकारी जुटा रही है। पिछले छह महीनों में आरोपी या उसके परिजनों द्वारा खरीदी गई संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।
एसटीएफ की रणनीति और आगे की कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ की टीम शनिवार से ही भेलसर क्षेत्र में डेरा डाले हुए थी और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी थी। इसी रणनीति के तहत बुधवार को रुदौली समेत कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
एसटीएफ और पुलिस फिलहाल मामले के आर्थिक पहलुओं और धन के संभावित ठिकानों की गहन जांच कर रही हैं। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।