Lucknow: डेटा सेंटर, डिजिटल बैंकिंग और व्यवसायिक शिक्षा के लिए यूपी में निवेश करेगा भारती समूह
5G नेटवर्क की शुरुआत पर टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के वाइस चेयरमैन राकेश भारती मित्तल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं की सुलभता गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो सकेगी। यह ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा में लाने में बड़ा उपयोगी सिद्ध होगा। इससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारती इंटरप्राइजेज (एयरटेल) के वाइस चेयरमैन राकेश भारती मित्तल ने कहा कि 5जी के लिए उत्तर प्रदेश हमारी प्राथमिकता है। पूरे यूपी को जल्द ही एयरटेल की ओर से 5जी इंटरनेट उपलब्ध होगा। साथ ही भारती समूह प्रदेश में डेटा सेंटर, डिजीटल बैंकिंग व व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में निवेश भी करेगा। मित्तल ने यह बात बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट के दौरान कही। दोनों के बीच बातचीत दौरान प्रदेश में डिजीटल इंडिया मिशन के क्रियान्वयन, संचार सुविधाओं की बेहतरी तथा भारती समूह के निवेश प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आगामी 10-12 फरवरी 2023 तक प्रस्तावित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सहभागिता के लिए भारती समूह को आमंत्रित भी किया है।
मुख्यमंत्री ने ईज ऑफ लिविंग के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के हर गांव, कस्बे व नगर में प्रत्येक नागरिक को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता हो। इंटरनेट तकनीक का उपयोग इसमें सबसे बड़ा सहायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज सुदूर गांवों में भी पेपरलेस बैंकिंग सेवा उपलब्ध हो रही है। शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) को लागू किया गया है। इससे पारदर्शिता भी आई है। भ्रष्टाचार समाप्त करने में तकनीक की बड़ी भूमिका है। कोरोना काल की चुनौतियों का सामना करने में भी तकनीक बड़ा सहारा बनी।
मुख्यमंत्री ने 5जी क्रांति को नए भारत के निर्माण की गति को तेज करने में बड़ा सहायक बताते हुए प्रदेश में संचार सुविधाओं कों गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराने के लिए भारती इंटरप्राइजेज के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्हें विश्वास दिलाया कि यूपी की बेहतरी के लिए जो भी प्रयास किए जाएंगे, राज्य सरकार समूह को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
राकेश मित्तल ने कहा कि यूपी जैसे बड़े राज्य में उच्च स्तरीय संचार सेवाओं की सुगमता के लिए भारती समूह द्वारा प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशमें 5जी नेटवर्क की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं की सुलभता गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो सकेगी। यह ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा में लाने में बड़ा उपयोगी सिद्ध होगा। इससे रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। मित्तल ने मुख्यमंत्री के समक्ष निवेश के नए प्रस्ताव रखते हुए कहा कि भारती इंटरप्राइजेज प्रदेश में डेटा सेंटर, डिजीटल बैंकिंग और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में निवेश का इच्छुक है। इसकी पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मित्तल ने कहा कि यूपी में एयरटेल की 5जी सेवाएं आंशिक रूप से प्रारंभ हो गई हैं। बहुत जल्द प्रदेश के सभी 75 जिले 5जी की हाईस्पीड इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्रों तक बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए भारती समूह योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में प्रदेश सरकार की ओर से सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया।