'साफ-सफाई से दिखता है लोगों का व्यक्तित्व'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर साफ रहेगा तो आपका प्यारा अवध और खूबसूरत दिखेगा। साफ-सफाई हर जगह की खूबसूरती है। पब्लिक प्लेस हो या कोई और स्थान साफ सफाई होगी तो उससे उस शहर के लोगों का व्यक्तित्व झलकता है।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान में हर किसी को अपनी भूमिका निभानी होगी जिससे पूरा देश साफ-सुथरा और चमकता दमकता दिखे। साफ सफाई रहने से दूसरी समस्याओं से भी बचा जा सकता है।
ये बातें दो अक्तूबर गांधी जयंती के मौके पर बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चारबाग स्टेशन पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत करते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने स्टेशन के सामने स्थित पार्क और प्लेटफॉर्म नंबर एक पर झाड़ू लगाकर अभियान को हरी झंडी दिखाई।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ है और इसे सफल बनाना देश के हर नागरिक का कर्तव्य है।
अवध की धरोहर है चारबाग स्टेशन
स्टेशन पर मौजूद लोगों से उन्होंने कहा कि जिस ट्रेन से सफर करते हैं उसे भी साफ रखने की कोशिश करें क्योंकि गंदगी होने से उसका नुकसान यात्रा करने वाले यात्रियों को ही होता है।
उन्होंने चारबाग स्टेशन को अवध की धरोहर बताते हुए उसे साफ-सुथरा रखने की अपील की जिससे आने वाले पीढ़ी भी उसके इतिहास से रूबरू हो सके। इस मौके पर रेलवे के डीआरएम समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने गृहमंत्री के साथ झाड़ू लगाकर अभियान को अमली जामा पहनाया।
इसके बाद करीब ग्यारह बजे गृहमंत्री पराग नारायण रोड स्थित बालू अड्डा पहुंचे और उन्होंने कॉलोनी के लोगों के साथ सड़क पर झाडृ् लगाकर साफ सफाई की। इस मौके पर मेयर डॉ. दिनेश शर्मा ने भी साफ सफाई की और सड़क पर पड़े कागज और कूड़े को हाथ से उठाकर कूड़ेदान में फेंका।
गृहमंत्री को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी और हर कोई सफाई अभियान में जुटा रहा। इसके बाद गृहमंत्री का काफिला कुंडरी रकाबगंज की तरफ चला गया।