{"_id":"5be1db26bdec22699a739f7f","slug":"rajendra-chaudhary-criticize-bjp-government-for-changing-the-ekana-stadium-name","type":"story","status":"publish","title_hn":"दूसरे के कामों पर अपना नाम चस्पा करना कोई भाजपा से सीखे : सपा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दूसरे के कामों पर अपना नाम चस्पा करना कोई भाजपा से सीखे : सपा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Updated Tue, 06 Nov 2018 11:49 PM IST
विज्ञापन
राजेंद्र चौधरी
समाजवादी पार्टी ने इकाना स्टेडियम का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने को गलत परंपरा करार दिया है। कहा कि वाजपेयी के नाम पर स्टेडियम का नामकरण करके भाजपा सरकार ने साबित कर दिया कि दूसरे के कामों पर अपना नाम चस्पा कर देना कोई इनसे सीखे। कहा कि इतिहास में इस तरह का कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलेगा।
विज्ञापन
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को यहां कहा कि सभी को पता है कि स्टेडियम का निर्माण अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में हुआ था। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी सभी के लिए श्रद्धेय हैं। सभी उनका सम्मान करते हैं।
विज्ञापन
उनके प्रति श्रद्धा प्रदर्शित करनी चाहिए। पर इसके लिए भाजपा को समाजवादी सरकार का अनुसरण करते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क व जे.पी. सेंटर जैसा भव्य निर्माण कराना था। इस नामकरण से तो भाजपा की हेठी हुई है। भाजपा ने तो काम और नाम के अंतर को मिटाने का हास्यास्पद और असम्मानजनक काम किया है।
विज्ञापन
लोकतंत्र में यह स्वस्थ परंपरा नहीं है। समाजवादी सरकार के कामों पर अपना नाम लगाकर ही भाजपा सरकार समझ रही है कि उसके झूठे दावे चल जाएंगे और जनता बहकावे में आ जाएगी। पर, ऐसा नहीं होने वाला। अखिलेश यादव ने बार-बार कहा है कि भाजपाई समाजवादी सरकार के विकासकार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास में ही अपना समय बिता रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि ईमानदारी की बात तो यह है कि भाजपा को अखिलेश यादव का एहसानमंद होना चाहिए जो उनके कामों से वह अपनी सरकार का नाम व काम चला रही है।