UP: इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में गर्मजोशी से मिले राहुल-अखिलेश, यूपी में सीट बंटवारे को लेकर हुई चर्चा!
सोमवार को दिल्ली में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए। बैठक में भाजपा के खिलाफ पूरी मजबूती से सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को दिल्ली में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उनके और राहुल गांधी के बीच काफी गर्मजोशी नजर आई। दोनों नेता नजदीक ही बैठे थे। बैठक के बाद कहा जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच अगले साल होने वाले यूपी चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। अखिलेश यादव पहले भी यूपी में कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने का संकेत दे चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने बैठक के बाद मुलाकात की और आगे की तैयारियों पर चर्चा की। यूपी चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय बचा है ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस के मिलकर लड़ने से भाजपा को यूपी में तगड़ा झटका लगा था और केंद्र में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा का सरकार बनाने का सपना पूरा नहीं हो सका था। ऐसे में यूपी में इंडिया गठबंधन को भाजपा के लिए कड़ी चुनौती माना जा रहा है। सपा-कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि यूपी में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोका जा सके।
सोमवार को दिल्ली में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में निर्णय लिया गया कि विपक्षी दल अब और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे और जनता के मुद्दों को लगातार उठाएंगे। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गठबंधन पांच बड़े मुद्दों पर एकमत हुआ है और आने वाले समय में सरकार को संसद से लेकर सड़क तक घेरने की तैयारी की जाएगी। खरगे ने साफ कहा कि हम लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे। बैठक में करीब 25 विपक्षी दलों ने हिस्सा लिया।
खरगे ने नीट पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां लाखों छात्रों की मेहनत और उम्मीदों को बर्बाद कर रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर इंडिया ब्लॉक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन मॉनसून सत्र में भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगा और छात्रों के साथ न्याय की मांग करेगा।
बैठक के बाद किए गए ये पांच बड़े एलान
- महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक स्थिति के मुद्दे को देशभर में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
- नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा जाएगा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग जारी रहेगी।
- विपक्षी गठबंधन मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर एसआईआर प्रक्रिया और मतदान अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएगा।
- इंडिया ब्लॉक की बैठक अब हर दो महीने में होगी। अगली बैठक आठ अगस्त को हैदराबाद में आयोजित की जाएगी।
- संसद के मॉनसून सत्र में सभी विपक्षी दल मिलकर भाजपा सरकार के खिलाफ साझा रणनीति के तहत मुद्दे उठाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.