घर के बाहर टहल रही थी गर्भवती, सांड ने ले ली जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरोजनीनगर में सांड के टक्कर मारने से गंभीर रूप से जख्मी गर्भवती लक्ष्मी (25) ने दम तोड़ दिया। मामला गुरुवार रात का है।
डॉक्टरों का कहना है कि सांड के हमले से घायल लक्ष्मी के बच्चे की कोख में ही मौत हो गई। इसके बाद लक्ष्मी की जान बचाने की कोशिशें की जाती रहीं पर कामयाबी नहीं मिली।
इंस्पेक्टर धर्मेश शाही ने बताया कि मझगांव शाहपुर निवासी सुनील कुमार दिहाड़ी मजदूर है। सुनील की पत्नी लक्ष्मी छह माह के गर्भ से थी।
बृहस्पतिवार रात लक्ष्मी खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान वहां आए सांड ने उसे टक्कर मार दिया। लक्ष्मी ने किसी तरह खुद को संभाला तो सांड ने उसे उठाकर पटक दिया।
चीख-पुकार सुनकर परिवारीजन दौड़ते हुए बाहर आए और देखा कि वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। परिवारीजनों ने लाठी व डंडे से सांड को भगाया और लक्ष्मी को लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां शनिवार देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उसकी मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। पति व दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था।
आखिर इन मौतों का जिम्मेदार कौन
सड़क पर टहलते सांड के मारने से लक्ष्मी की मौत का यह कोई इकलौता मामला नहीं है। अभी कुछ दिन पहले ही विकासनगर में दो सांडों की लड़ाई में अखिलेश तिवारी की हो गई थी।
पर इन मौतों का जिम्मेदार कौन है? नगर निगम दावा करता है कि वह अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को पकड़ता है। पर किसी भी सड़क पर चले जाइए मवेशी इधर-उधर टहलते मिल जाएंगे। नगर निगम बाहरी क्षेत्रों से आने वाले सांडों को पकड़ने का जिम्मा जिला पंचायत पर डाल रहा है।